सुरक्षा की चिंता छोड़ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर व्यस्त है पाकिस्तान की तारीफ में, जानिए अब नाथन लियोन क्या राग अलाप रहे हैं?
नाथन लियोन पाकिस्तान में रहकर ही पाकिस्तान का टेस्ट सीरीज में करना चाहते हैं सफाया।
अद्यतन - Mar 3, 2022 4:29 pm

पाकिस्तान पहुंचते ही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सदस्य मेजबान टीम और उनके खिलाड़ियों की तारीफों के पूल बांधते नजर आ रहे है। हालांकि, इसमें कोई दो राय नहीं है कि वर्तमान पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कुछ वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी मौजूद है, जो आधुनिक युग में विश्व क्रिकेट के सर्वोत्तम खिलाड़ियों में गिने जाते है, और उन्ही में से एक कप्तान बाबर आजम है, जिनका पूरे विश्व में बोलबाला है।
अब तो ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर नाथन लियोन ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच आगामी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक बाबर आजम का गुणगान गाते नजर आए है। आपको बता दें, बाबर आजम फिलहाल आईसीसी रैंकिंग में नंबर एक वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज है, जबकि टेस्ट बल्लेबाजी में नौवें स्थान पर है।
पाकिस्तान के सफाया करने पर नाथन लियोन की नजर
रावलपिंडी में 4 मार्च से पहले टेस्ट मुकाबले के पहले नाथन लियोन ने खलीज टाइम्स के हवाले से कहा वह शुरू से ही दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ स्पर्धा करना चाहते है, और बाबर आजम निश्चित रूप से उन्ही में से एक है। ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष ऑफ-स्पिनर ने आगे कहा पाकिस्तान लाइन-अप में कुछ अविश्वसनीय बल्लेबाज हैं, जिनके साथ उन्हें कुछ अच्छी चुनौतियां मिलेंगी।
नाथन लियोन ने कहा वह खुद को ऐतिहासिक दौरे पर चुनौती देने के लिए और इंतजार नहीं कर सकते है। आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया ने पिछली बार 1999 में पाकिस्तान का दौरा किया था। दोनों टीमें तीन टेस्ट मैचों के अलावा, तीन वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेलेंगे।
परिस्थितियों के कठिन होने को स्वीकार करते हुए, गेंदबाज ने अंत में कहा हैं कि ऑस्ट्रेलिया के पास एक अच्छी टीम है, जो हर तरह की परिस्थितियों में जीत सकती है, और वह चाहते है कि ऑस्ट्रेलिया आगामी टेस्ट सीरीज 3-0 से सीरीज जीते। लियोन ने कहा उन्हें ड्रा या हार नहीं चाहिए, बल्कि उनकी सोच यह है कि ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान में रहते हुए ही पाकिस्तान का सफाया करे।