इस बड़ी वजह के चलते पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मैदान पर काली पट्टी बांधकर उतरे खेलने
रावलपिंडी में पहले टेस्ट मुकाबले दौरान पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
अद्यतन - Mar 4, 2022 1:56 pm

मौजूदा समय में कंगारू टीम पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेल रही है। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह एक एतिहासिक दौरा है, कंगारू टीम 24 साल बाद पाकिस्तान यात्रा पर गयी है। एशेज में शानदार प्रदर्शन के बाद पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगी। इस बीच पहले मुकाबले के दौरान ऑस्ट्रेलिया के सभी खिलाड़ी दिवंगत रॉड मार्श के सम्मान में मैदान पर काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं।
दरअसल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज रॉड मार्श ने 4 मार्च को अंतिम सांस ली। फरवरी के आखिरी हफ्ते में उन्हें एक कार्यक्रम के दौरान दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद मार्श को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। अंत में 74 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।
मार्श को लेकर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने उनको याद करते हुए कहा “रॉड ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक महान व्यक्ति थे, उन्होंने 1970-71 की एशेज श्रृंखला में अपने पदार्पण से लेकर राष्ट्रीय चयनकर्ता के रूप में अपने समय तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को करीब 50 साल की अविश्वसनीय सेवा दी। जिसमें उनके पद पर रहते हुए कई नए खिलाड़ियों को भी मौका मिला।”
मार्श विश्व के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक थे
रॉड मार्श ने ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए लम्बे समाय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और वह विश्व के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक थे। उन्होंने वर्ष 1970 से 1984 तक टीम का प्रतिनिधित्व किया। ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 4500 से अधिक रन बनाये और साथ ही विकेट के पीछे से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया था। वर्ष 2014 में वह ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं के अध्यक्ष बने इस पद पर वह दो साल तक रहे।
रावलपिंडी में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे पहले टेस्ट मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। कंगारू टीम मैदान में अपने तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतरी है जबकि नाथन लियोन एकमात्र स्पिन-गेंदबाजी विकल्प है।