BCCI के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए आकाश चोपड़ा ने बोर्ड से रवींद्र जडेजा को लेकर कर दी बड़ी मांग
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में 2021-22 सीजन के लिए केंद्रीय अनुबंध की सूची जारी की है।
अद्यतन - Mar 12, 2022 11:55 am

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में 2021-22 सीजन के लिए केंद्रीय अनुबंध की सूची जारी की, जहां खिलाड़ियों की कैटेगरी में बड़े बदलाव देखने को मिले। बीसीसीआई (BCCI) ने केंद्रीय अनुबंध सूची में सर्वोच्च ए प्लस कैटेगरी में रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को बरकरार रखा, जबकि कैटेगरी ए में पिछले सत्र की तुलना में आधे, केवल पांच, खिलाड़ियों को जगह दी गई है।
भारतीय टीम से बाहर चल रहे अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और इशांत शर्मा को खराब प्रदर्शन के कारण ग्रेड बी में धकेल दिया गया हैं, वहीं हार्दिक पांड्या और शिखर धवन को ग्रेड सी में अनुबंध दिया गया है। जबकि रवींद्र जडेजा, रिषभ पंत, केएल राहुल, रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी को केंद्रीय अनुबंधों में ए कैटेगरी में रखा गया हैं।
BCCI द्वारा जारी केंद्रीय अनुबंध की सूची पर भारत के पूर्व बल्लेबाज और नामी कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने रवींद्र जडेजा को ग्रेड ए प्लस केंद्रीय अनुबंध में शामिल नहीं किए पर सवाल उठाए हैं।
रवींद्र जडेजा रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह के साथ A+ कैटेगरी का हिस्सा होना चाहिए
आकाश चोपड़ा ने कहा रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज ऑलराउंडर जिनका प्रदर्शन पिछले काफी सालो से खेल के सभी प्रारूपों में जबरदस्त रहा है फिर भी उन्हें ग्रेड ए प्लस अनुबंध क्यों नहीं दिया गया? कमेंटेटर ने कहा ऑलराउंडर ए प्लस श्रेणी में प्रमोट किया जाना चाहिए था।
आकाश चोपड़ा ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा: “जिस श्रेणी में कोई बदलाव नहीं हुआ वह ए+ श्रेणी है, जिसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह हैं। लेकिन रवींद्र जडेजा क्यों नहीं? मुझे लगता है कि उस सूची में जडेजा का नाम होना चाहिए। अगली केंद्रीय अनुबंध सूची में, मुझे विश्वास है कि जडेजा का नाम उस श्रेणी में होगा, क्योंकि उन्होंने बहुत शानदार प्रदर्शन किया है।”
उन्होंने अंत में कहा, “वर्तमान में, जडेजा ग्रेड ए में हैं। अगली सूची में, मुझे लगता है कि जडेजा और केएल राहुल दोनों ए+ श्रेणी में होंगे। रिषभ पंत भी इस श्रेणी के लिए एक बड़े दावेदार होने जा रहे हैं। वह टीम के उपकप्तान हैं। उन सभी को A+ श्रेणी में धकेल दिया जाना चाहिए।”