विदेशी दौरे पर फ्लॉप रहने के बावजूद, हेड कोच द्रविड़ की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं गांगुली - क्रिकट्रैकर हिंदी

विदेशी दौरे पर फ्लॉप रहने के बावजूद, हेड कोच द्रविड़ की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं गांगुली

टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद राहुल द्रविड़ बने थे टीम इंडिया के हेड कोच।

Rahul Dravid and Sourav Ganguly
Rahul Dravid and Sourav Ganguly. (Photo by INDRANIL MUKHERJEE,SAJJAD HUSSAIN/AFP/Getty Images)

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को टीम इंडिया के मुख्य कोच की भूमिका में अपने पूर्व साथी राहुल द्रविड़ से काफी उम्मीदें हैं। द्रविड़ ने पिछले साल नवंबर में रवि शास्त्री की जगह ली थी और उनके नेतृत्व में, टीम ने दक्षिण अफ्रीका के उस दौरे को छोड़कर सभी प्रारूपों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बीच, गांगुली का मानना ​​है कि द्रविड़ के “पेशेवर” रवैये से उन्हें राष्ट्रीय टीम का एक सफल कोच बनने में मदद मिलेगी।

आपको बता दें कि, गांगुली और द्रविड़, जिन्होंने एक ही मैच में टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए पदार्पण किया था, उन्होंने कई सालों तक साथ में क्रिकेट खेला है और एक महान बंधन साझा करने के लिए जाने जाते हैं। गांगुली के बीसीसीआई प्रमुख होने के कारण, उन्होंने पिछले साल टी-20 विश्व कप के समापन के बाद द्रविड़ को कोचिंग सेट अप में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

हेड कोच राहुल द्रविड़ को लेकर सौरव गांगुली ने दिया बड़ा बयान

भारत के पूर्व कप्तान ने हाल ही में एक इवेंट में कहा कि,  “वह (द्रविड़) अपने खेल के दिनों की तरह ही प्रखर, सतर्क और पेशेवर हैं। अंतर केवल इतना है कि अब उन्हें भारत के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं है, जिसमें उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना करना पड़ा था और उन्होंने लंबे समय तक अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभायी। कोच के रूप में भी वह शानदार भूमिका निभाएंगे क्योंकि वह निष्ठावान हैं और उनके पास कौशल है।”

विशेष रूप से, द्रविड़ ने भारत के अंडर -19 और भारत ए टीमों के साथ कोच के रूप में एक सराहनीय काम किया है। उन्हें पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, शुभमन गिल और ईशान किशन जैसे युवा खिलाड़ियों का करियर बनाने का श्रेय दिया जाता है। यही कारण है कि, गांगुली को पूर्व दिग्गज बल्लेबाज से काफी उम्मीदें हैं।

गांगुली ने हालांकि द्रविड़ की तुलना पूर्व हेड कोच शास्त्री से करने से इनकार कर दिया। गांगुली ने कहा कि, ‘‘उनका व्यक्तित्व अलग है। एक हमेशा चर्चा में रहता है जो उसका मजबूत पक्ष है जबकि दूसरा सर्वकालिक महान खिलाड़ी होने के बावजूद चुपचाप काम करेगा। दो व्यक्ति एक ही तरह से सफल नहीं हो सकते हैं।”

close whatsapp