सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को एकतरफा मुकाबले में मात देते हुए IPL 2022 सीजन में दर्ज की चौथी जीत - क्रिकट्रैकर हिंदी

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को एकतरफा मुकाबले में मात देते हुए IPL 2022 सीजन में दर्ज की चौथी जीत

SRH की तरफ से उमरान मलिक ने 4 जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।

Sunrisers Hyderabad. (Photo Source: IPL/BCCI)
Sunrisers Hyderabad. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन के 28वें लीग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ भी अपने विजयी रथ को जारी रखते हुए इस सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिससे उन्होंने पंजाब किंग्स को 20 ओवरों में 151 रनों के स्कोर पर समेट दिया और बाद में इस लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए 7 विकेट से मैच को अपने नाम किया।

लियम लिविंगस्टोन के अलावा पंजाब किंग्स का अन्य कोई बल्लेबाज नहीं टिक पाया

सनराइजर्स हैदराबाद टीम के कप्तान केन विलियमसन ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद पंजाब किंग्स के लिए इस मुकाबले में मयंक अग्रवाल की जगह पर कप्तानी कर रहे शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने प्रभसिमरन सिंह आए। लेकिन दोनों टीम को बेहतर शुरुआत देने में कामयाब नहीं हो सके और धवन सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। जिसके बाद पंजाब किंग्स की टीम को 33 के स्कोर पर दूसरा झटका प्रभसिमरन के रूप में लगा।

वहीं जॉनी बेयरस्टो ने एक बार फिर से बल्ले से निराश किया और वह भी सिर्फ 12 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन चलते बने। जिससे पंजाब किंग्स 48 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी। जिसके बाद एक छोर से लियम लिविंगस्टोन ने पारी को संभालने का जिम्मा उठाया लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी था।

लिविंगस्टोन ने जहां 33 गेंदों में शानदार 60 रनों की पारी खेली वहीं शाहरुख खान के बल्ले से भी 26 रनों की पारी देखने को मिली। पंजाब किंग्स की टीम अपनी पारी के आखिरी ओवर में एक भी रन जहां बनाने में कामयाब नहीं हो सकी वहीं उसने 4 विकेट भी गंवा दिए। जिससे टीम 20 ओवरों में 151 रन बनाकर सिमट गई। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में उमरान मलिक ने 4 जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।

एडिन मार्करम और निकोलस पूरन की पारियों ने दिलाई SRH को आसान जीत

152 के स्कोर का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को भी बेहतर शुरुआत नहीं मिल सकी। जिसमें टीम के कप्तान केन विलियमसन सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी ने मिलकर शुरुआती 6 ओवरों में टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया साथ ही स्कोर को भी 39 रनों तक पहुंचा दिया। लेकिन 62 के स्कोर पर SRH की टीम को दूसरा झटका राहुल त्रिपाठी के रूप में लगा जो 34 रन बनाकर आउट हो गए।

जिसके बाद 77 के स्कोर पर जब SRH की टीम को अभिषेक शर्मा के रूप में तीसरा झटका लगा तो पंजाब किंग्स के लिए मैच में वापसी की एक उम्मीद जरूर जगी। लेकिन एडिन मार्करम और निकोलस पूरन ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम 18.5 ओवरों में 7 विकेट से शानदार जीत दिला दी। मार्करम ने जहां 41 नाबाद रन बनाए वहीं पूरन ने भी 35 रनों की नाबाद पारी खेली।

यहां पर देखिए SRH की जीत पर सोशल मीडिया पर सभी ने दी क्या प्रतिक्रिया:

close whatsapp