समय के साथ केएल राहुल की कप्तानी बेहतर हो रही- वसीम जाफर
राहुल को एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में विकसित होते देखा है, जिन्होंने सभी टीमों के खिलाफ रन बनाए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 20, 2022 3:08 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें संस्करण में दो नई फ्रेंचाइजियों ने आते ही धमाल मचा दिया है। गुजरात टाइटंस अभी तक अपने पहले आईपीएल संस्करण में पहले स्थान पर है वहीं लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) भी लगातार अपने प्रदर्शन से बाकी टीमों पर हावी दिखती नजर आ रही है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल का फॉर्म भी काफी अच्छा रहा है।
टीम की बात करें तो अभी तक कुल 7 मुकाबलों में LSG ने 4 जीतें हैं। कप्तान के एल राहुल गजब के फॉर्म में हैं। अभी तक वो 7 पारियों में एक शतक भी लगा चुके हैं जो मुंबई इंडियंस के खिलाफ जड़ा था। बता दें कि, राहुल पिछले 2 साल पंजाब किंग्स (PBKS) के भी कप्तान रह चुके हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने राहुल और लखनऊ टीम को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने टीम के बैटिंग और गेंदबाजी ऑर्डर से संबंधित अपनी प्रक्रिया सामने रखी।
आईपीएल 2022 से पहले राहुल के आरसीबी के लिए संभावित रूप से खेलने के बारे में जब वसीम जाफर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, अगर विराट कोहली के पद से हटने के बाद LSG कप्तान ने आरसीबी टीम की कप्तानी की होती, तो इससे टीम को एक नया स्वाद मिलता।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले दो संस्करणों में बल्लेबाजी कोच के रूप में पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने राहुल को एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में विकसित होते देखा है, जिन्होंने सभी टीमों के खिलाफ रन बनाए हैं। उन्हें लगता है कि राहुल ने अपनी कप्तानी में सुधार किया है, जो चयनकर्ताओं और प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है।
वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के शो SKY247.NET ‘नॉट जस्ट क्रिकेट शो’ में कहा कि, मैंने सोचा कि वह आरसीबी के लिए खेल सकता है क्योंकि वह बैंगलोर का लड़का है, और उसे वहां खेलने का अनुभव भी है। फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करने वाला कोई भी व्यक्ति टीम में एक बड़ा बदलाव लाता है ।
मैं पिछले दो वर्षों में पंजाब टीम के साथ जुड़ा हुआ था, और मुझे लगता है कि वह एक असाधारण खिलाड़ी है और उसने सभी टीमों के खिलाफ रन बनाए हैं। वह सभी प्रारूपों में एक अच्छे खिलाड़ी हैं और काफी अनुभवी भी। समय के साथ उनकी कप्तानी भी बेहतर होती जा रही है, जो चयनकर्ताओं और भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी बहुत अच्छा है।
नंबर 3 पर बल्लेबाजी करना टीम के लिए चिंता का विषय – वसीम जाफर
लखनऊ की टीम ने अभी तक नंबर 3 पर मनीष पांडे, कृष्णप्पा गौतम, एविन लुईस और जेसन होल्डर को मौका दिया है लेकिन कोई भी बल्लेबाज इस मौके को भुना नहीं पाया। वसीम को लगता है कि मनीष अगर नंबर 3 पर उतर रहे हैं तो मार्कस स्टोइनिस को फिनिशर का रोल खेलना चाहिए। उनके मुताबिक मार्कस के लिए आखिरी पांच ओवर सबसे सही मौका है जहां पर वह आसानी से रन बना सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, मुझे लगता है कि लखनऊ ने स्टोइनिस को फिनिशर के रूप में लिया है, और उन्हें उस भूमिका में ही देखा गया है। लेकिन उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए बल्लेबाजी की है और बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के लिए ओपनिंग भी की है। मैं थोड़ा हैरान हूं कि नंबर तीन उनके लिए रोलिंग चेयर रहा है, कभी-कभी मनीष उस स्थान पर आते हैं, गौतम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आए, और होल्डर को उस स्थान पर भी खिलाया गया।
मुझे लगता है कि उन्होंने पिछले कुछ मैचों में आयुष बडोनी का इस्तेमाल अच्छी तरह से नहीं किया है, जो एक बेहतरीन खिलाड़ी भी हैं। मनीष अगर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं तो स्टोइनिस को फिनिशर की भूमिका निभानी चाहिए। स्थिति चाहे जो भी हो, अगर पांच या छह ओवर बचे हैं, तो स्टोइनिस काम करने के लिए सही व्यक्ति हैं।