IPL 2022 सीजन में लगातार खराब अंपायरिंग को देखने के बाद भड़क उठे क्रिस श्रीकांत - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022 सीजन में लगातार खराब अंपायरिंग को देखने के बाद भड़क उठे क्रिस श्रीकांत

LSG के खिलाफ मुकाबले के दौरान जोश हेजलवुड की एक गेंद पर अंपायर के वाइड ना देने पर सभी ने काफी हैरानी व्यक्त की थी।

Krishnamachari Srikkanth. (Photo by Sanjeev Verma/ Hindustan Times via Getty Images)
Krishnamachari Srikkanth. (Photo by Sanjeev Verma/ Hindustan Times via Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन में जहां एक तरफ कई शानदार मुकाबले देखने को मिले हैं वहीं इस साल की अंपायरिंग काफी साधारण रही है। कई ऑन फील्ड फैसले रिव्यू लेकर बदले गए हैं। इस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णम्माचारी श्रीकांत अंपायरों पर जमकर बरसे।

बता दें कि, 19 अप्रैल को हुए लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) मुकाबले में बैंगलोर के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने एक गेंद काफी बाहर डाली लेकिन उस गेंद को अंपायर द्वारा वाइड नहीं दिया गया। इस फैसले से सभी फैंस काफी अचंभित हो गए।

ऐसा इसीलिए क्योंकि उस समय मैच का 19वां ओवर चल रहा था और स्ट्राइक पर विस्फोटक बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस थे। मार्कस भी इस फैसले के बाद आग बबूला हो गए। इस फैसले ने पूरे मैच को ही पलट दिया क्योंकि इसी ओवर की अगली गेंद पर मार्कस आउट हो गए और RCB ने यह मुकाबला बड़े ही आराम से जीत लिया। इस मुकाबले के बाद श्रीकांत अंपायरों के ऊपर जमकर बरसे।

इस साल के आईपीएल में अंपायरिंग काफी साधारण हो रही: श्रीकांत

श्रीकांत ने ट्वीट किया कि,अंपायरिंग के साथ क्या हो रहा है, IPL, यह काफी दयनीय है और छोटे बुरे फैसलों से मुकाबले में बड़े परिणाम सामने आते हैं! जागो और उन लोगों को रखो जो वास्तव में अच्छी अंपायरिंग करें!”

ऐसा भी हुआ है कि IPL 2022 में अंपायरों ने कुछ और मौकों पर खुद को गलत स्थिति में पाया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान, सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को पारी की पहली दो गेंदों में गलत तरीके से आउट करार दिया गया था। लेकिन DRS ने उन्हें बचा लिया। अन्य उदाहरण में, तीसरे अंपायर के निर्णय के साथ ही विराट कोहली को विवादित ढंग से LBW आउट दे दिया गया था।

यही वजह है कि श्रीकांत इस साल के आईपीएल सीजन की अंपायरिंग से खुश नहीं हैं और उन्होंने अपने ट्वीट में भी यही व्यक्त किया है। इन्ही सब फैसलों के बीच में RCB ने LSG के खिलाफ 18 रन से जीत दर्ज की। यह मुकाबला मुंबई के डॉ डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 182 रन का लक्ष्य लखनऊ के सामने रखा।

बैंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अपनी कप्तानी पारी (64 गेंदों में 96 रन) से सभी लोगों का दिल जीत लिया। जवाब में लखनऊ की टीम से कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सका और बैंगलोर ने यह मुकाबला 18 रन से जीत लिया। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके।

close whatsapp