IPL 2022: डेब्यू मैच से पहले रात भर सो नहीं पाए थे ऋतिक शौकीन, बताया कैसे पिता के लिए किया था टिकट का जुगाड़ - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022: डेब्यू मैच से पहले रात भर सो नहीं पाए थे ऋतिक शौकीन, बताया कैसे पिता के लिए किया था टिकट का जुगाड़

ऋतिक शौकीन ने आईपीएल में डेब्यू मैच से पहले सचिन तेंदुलकर द्वारा कही प्रेरणात्मक बात का खुलासा किया।

Hrithik Shokeen (Photo Source: IPL/BCCI)
Hrithik Shokeen (Photo Source: IPL/BCCI)

मुंबई इंडियंस (MI) के युवा ऑलराउंडर ऋतिक शौकीन ने 21 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपना डेब्यू किया था। हालांकि, मुंबई इंडियंस (MI) यह मैच हार गई थी, लेकिन युवा ऑलराउंडर अपने डेब्यू मैच में अपना प्रभाव डालने में सफल रहा।

अपने डेब्यू मैच में ऋतिक शौकीन ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ प्रभावशाली गेंदबाजी और बल्लेबाजी की थी। उन्होंने बल्ले के साथ तीन चौको की मदद से 25 रनों की पारी खेली, जबकि गेंद के साथ भी बेहतरीन प्रदर्शन दिया। हालांकि, युवा ऑलराउंडर ने एक भी विकेट नहीं लिया, लेकिन अपने चार ओवरों में केवल 23 रन बहाए।

डेब्यू से पहले रात भर सो नहीं पाए थे ऋतिक शौकीन

आपको बता दें, दिल्ली के रहने वाले ऋतिक शौकीन को डेब्यू कैप भारत के महान क्रिकेटर और मुंबई इंडियंस (MI) के मेंटर सचिन तेंदुलकर के हाथों मिली थी। 22-वर्षीय ऑलराउंडर ने हाल ही में जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपने डेब्यू मैच से पहले उमड़ी भावनाओं के बारे में खुलासा किया है। ऋतिक शौकीन ने बताया जब उन्हें पता चला कि वह अगले दिन आईपीएल (IPL) डेब्यू करने जा रहे हैं, तो वह पूरी रात सो ही नहीं पाए।

ऋतिक शौकीन ने मुंबई इंडियंस (MI) को बताया: “सचिन सर ने मुझे डेब्यू कैप दी और मुझे शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुझसे कहा कि आप सोचें कि आप सर्वश्रेष्ठ हैं, और मैं टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ कर सकता हूं। जिस क्षण मुझे संदेश मिला कि मैं कल खेल रहा हूं, मैंने सबसे पहले अपने पिता को इसकी खबर दी। जब भी मुझे कोई रोमांचक खबर मिलती है, तो मैं हमेशा अपने पिता को सबसे पहले फोन करता हूं, क्योंकि मैं हमेशा उनके साथ इस तरह की खबरें सबसे पहले शेयर करता हूं।”

उन्होंने आगे बताया, “जब मुझे पता चला की मैं कल खेलने वाला हूं तो मैं पूरी रात सो नहीं सका। मैं बल्लेबाजों के लिए योजना बना रहा था, इसलिए पूरी रात मैं बल्लेबाजों के वीडियो देखता रहा। मेरा ध्यान केवल अच्छा प्रदर्शन करने और सामान्य रहने पर था, जिस तरह से हम नेट्स में अभ्यास करते हैं। कोई दबाव नहीं था। मैं सोच रहा था कि यह सिर्फ एक सामान्य मैच है। जैसे ही मुझे गेंद मिली मैंने बल्लेबाज की तरफ देखा, और पिछली रात के वीडियो के आधार पर मैंने उसकी ताकत और कमजोरियों को ध्यान में रखते हुए अपनी योजनाओं को अंजाम दिया।”

बड़ी मुश्किल से पिता के लिए हो पाया था टिकट का बंदोबस्त

ऋतिक शौकीन ने अंत में बताया कि जब उन्होंने अपने डेब्यू की खबर अपने पिता को दी तो उन्होंने कहा कि वह मुंबई आ रहे हैं उनका मैच देखने, जिसके बाद युवा ऑलराउंडर ने अपने पिता के लिए टिकट की व्यवस्था की। लेकिन बहुत मुश्किल से टिकट की व्यवस्था हुई थी। ऋतिक शौकीन ने बताया मुंबई के सपोर्ट स्टाफ ने उन्हें उनके पिता के लिए एक टिकट दिलाया था और फिर उन्होंने उनके लिए होटल बुक किया।

आपको बता दें, मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) मेगा ऑक्शन में ऋतिक शौकीन को 20 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा था। माना जा रहा है कि युवा ऑलराउंडर को 30 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (MI) के अगले मैच में भी मौका दिया जा सकता है।

close whatsapp