PCB का नया खुलासा, BCCI को पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने में कोई ऐतराज नहीं!
पीसीबी (PCB) के पूर्व अध्यक्ष तौकीर जिया ने चार देशो के बीच प्रस्तावित सीरीज पर भी अपनी राय दी है।
अद्यतन - मई 1, 2022 12:22 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व अध्यक्ष तौकीर जिया ने भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पाकिस्तान के साथ कभी भी द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इंकार नहीं किया, बल्कि ये भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के सरकारों के बीच का मसला है। दोनों देशों ने 2012-13 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली है।
आपको बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम ने आखिरी बार 2021 टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सामना किया था, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने चिर-प्रतिद्विंदियों पर दस विकेट से जीत दर्ज की थी। ये दोनों टीमें अब केवल बहु-राष्ट्रीय और आईसीसी प्रतियोगिताओं में आपस में भिड़ती हैं।
सौरव गांगुली, रमीज राजा क्रिकेट को बढ़ावा देना चाहते हैं: तौकीर जिया
तौकीर जिया ने क्रिकेट पाकिस्तान के साथ एक इंटरव्यू में कहा, “बीसीसीआई ने हमारे खिलाफ खेलने से कभी इनकार नहीं किया। समस्या दोनों देशों की सरकारों के बीच में है। दोनों क्रिकेट बोर्ड वर्तमान में पूर्व क्रिकेटरों द्वारा चलाए जा रहे हैं, जो पाकिस्तान-भारत मैचों के महत्व को समझते हैं। सौरव गांगुली और रमीज राजा दोनों क्रिकेट को बढ़ावा देना चाहते हैं और इन प्रतिद्वंद्वियों के बीच एक सीरीज देखने से बेहतर कुछ नहीं है।”
हाल ही में, पीसीबी (PCB) के वर्तमान अध्यक्ष रमीज राजा ने हाल ही में चार देशों के बीच एक सीरीज का विचार रखा था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान शामिल थे। हालांकि, फिलहाल इस प्रस्ताव पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। जिस पर पीसीबी (PCB) के पूर्व अध्यक्ष ने कहा चार देशों की सीरीज एक अच्छा विचार था, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए यह व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
तौकीर जिया ने अंत में कहा, “हालांकि चार देशों की सीरीज एक अच्छा विचार था, लेकिन साल भर में पहले से ही बहुत सारे फ़्रैंचाइजी-मॉडल टूर्नामेंट हो रहे हैं। इस वजह से, मुझे नहीं लगता कि चार देशों को एक समय सीमा में इकट्ठा करने और उनके बीच यह सीरीज करने के लिए पर्याप्त विंडो बचेगी।”