क्या रोवमन पॉवेल ने जानबूझकर नहीं पूरा होने दिया डेविड वॉर्नर का शतक?
दिल्ली कैपिटल्स के डेविड वॉर्नर ने इस मैच में 92 रनों की पारी खेली
अद्यतन - May 6, 2022 1:41 pm

डेविड वॉर्नर और रोवमैन पॉवेल SRH के खिलाफ अपने आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 122 रनों की मजबूत साझेदारी की और टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जहां वॉर्नर अंत तक टिक रहे और 92 रन बनाकर नाबाद रहे, वहीं पॉवेल ने भी 35 गेंदों में ताबड़तोड़ 67* रन जड़ दिए। हालांकि जब वॉर्नर 90 के पार पहुंचे तो उस वक्त सभी फैंस उम्मीद लगाए बैठे थे कि वो अपनी पुराणी फ्रेंचाइजी के खिलाफ शतक लगाएंगे लेकिन पॉवेल की वजह से ऐसा नहीं हो सका।
इसी को लेकर बात करते हुए पॉवेल ने डीसी की पारी के आखिरी ओवर में अपने और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज के बीच हुई बातचीत का खुलासा किया। पॉवेल ने वार्नर से पूछा कि क्या वह चाहते हैं कि वह सिंगल लें और उन्हें अपना शतक पूरा करने दें। हालांकि वॉर्नर ने उनसे कहा कि क्रिकेट का खेल इस तरह नहीं खेला जाता है। इसके साथ ही में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने उन्हें बड़े-बड़े हिट लगाने के लिए प्रेरित किया।
स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए रोवमन पॉवेल ने कहा कि, “ओवर के शुरू में मैंने उनसे कहा कि क्या आप चाहते हो कि मैं एक रन लूं जिससे आप शतक पूरा कर सको। उन्होंने कहा, सुनो क्रिकेट ऐसा नहीं खेला जाता है। आपको अधिक से अधिक लंबे शॉट खेलने का प्रयास करना चाहिए और मैंने ऐसा किया।”
मैंने पंत से कहा, मुझ पर भरोसा करो और मुझे पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने दो: रोवमल पॉवेल
वॉर्नर की ये पारी और भी खास थी क्योंकि वो इस मैच में अपनी पूर्व टीम के खिलाफ खेल रहे थे। पिछले साल ऑरेंज आर्मी की कप्तानी से हटाए जाने के बाद उन्हें टीम की प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया गया था। बातचीत में आगे बढ़ते हुए, पॉवेल ने यह भी बताया कि कैसे उन्होंने डीसी कप्तान ऋषभ पंत को नंबर 5 पर उन पर भरोसा करने के लिए कहा और कहा कि स्पिन से निपटने की उनकी क्षमता बढ़ी है।
पॉवेल ने कहा कि, ‘‘मैंने रिषभ पंत से कहा कि पांचवें नंबर के बल्लेबाज के रूप में मुझ पर भरोसा रखें। मुझे शुरुआत करने का मौका दें। पिछले एक साल में मेरी स्पिन खेलने की क्षमता बढ़ी है। मैं स्पिन को काफी बेहतर तरीके से खेलता हूं। इसलिए, मैंने उसे सिर्फ 5वें नंबर पर मुझ पर भरोसा करने के लिए कहा, मुझे शुरुआत करने का मौका दो।”