‘वो जल्द ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेगा’- तिलक वर्मा की तारीफ में रोहित शर्मा
तिलक वर्मा ने आईपीएल 2022 में 12 पारियों में 40.89 की औसत से 368 रन बनाए हैं।
अद्यतन - May 13, 2022 4:54 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में अपना पहला संस्करण खेल रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपने प्रदर्शन से सभी को अपना दीवाना बना दिया है। बता दें कि तिलक ने इसी साल आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए अपना डेब्यू किया और उसके बाद से लेकर अभी तक शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। वो इस साल मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी है। उन्होंने 12 पारियों में 40.89 की औसत से 368 रन बनाए हैं।
12 मई को हुए मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 विकेट से हराया। इस मुकाबले में तिलक ने 32 गेंदो में 34 रनों की नाबाद पारी खेली उनकी ये पारी इसलिए भी अहम थी क्योंकि मात्र 98 रन का पीछा करने उतरी मुंबई महज 33 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा चुकी थी और उस मौके पर तिलक वर्मा ने अच्छी बल्लेबाजी की और टीम को मुश्किल से बाहर निकाला।
इस सीजन तिलक वर्मा के प्रदर्शन को देखकर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा भी काफी प्रभवित हुए हैं और जमकर उनकी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वो इस संस्करण में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता है।
रोहित शर्मा ने तिलक वर्मा की तारीफ में कही बड़ी बात
रोहित शर्मा ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान कहा कि, तिलक वर्मा का प्रदर्शन काफी सराहनीय है। वह अपना पहला आईपीएल संस्करण खेल रहे हैं और पहले संस्करण में इतना अच्छा प्रदर्शन करना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता है। मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलते हुए दिखेंगे। उनके पास तकनीक और परिस्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करने की क्षमता भी है।
रोहित शर्मा ने आगे बताया कि चेन्नई के खिलाफ जब उनकी टीम ने जल्द ही चार विकेट गंवा दिए थे तो टीम के सभी खिलाड़ी काफी तनाव में आ गए थे। उन्होंने आगे यह भी बताया कि अपने मैदान पर खेलने का उनको कितना लाभ मिला और गेंदबाजों ने अपना काम पूरी लगन से किया।
उन्होंने कहा कि, जब हम लक्ष्य का पीछा करने उतरे और हमारे चार विकेट जल्द गिर गए तो हम सब थोड़े तनाव में आ गए थे। हमें पता था लक्ष्य इतना बड़ा नहीं है। हमें बस आराम से खेलना था और टीम को जीत दिलानी है। हमने इस मैदान पर बहुत क्रिकेट खेला है इसलिए हमें इस मैदान के बारे में अच्छी से पता था। गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। पिच बल्लेबाजों के लिए हमेशा मददगार साबित हुई है लेकिन गेंदबाजों ने इस पिच पर कमाल की गेंदबाजी की।