‘वो इतनी बड़ी गलती कैसे कर सकते हैं’- केन विलियमसन की खराब कप्तानी को लेकर आकाश चोपड़ा का बयान
इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है हैदराबाद की टीम।
अद्यतन - मई 16, 2022 4:56 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सफर काफी उतार चढ़ाव वाला रहा है। अपने शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद हैदराबाद ने शानदार वापसी की और लगातार पांच मुकाबले जीते। हालांकि उनकी टीम एक बार फिर लगातार पांच मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। कप्तान केन विलियमसन इस सीजन बल्ले के साथ-साथ कप्तानी में भी फ्लॉप रहे हैं।
विलियमसन ने इस सीजन अभी तक 12 मुकाबलों में 18.91 की औसत और 92.86 की स्ट्राइक रेट से 208 रन बनाए हैं। इस सीजन उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उनके प्रदर्शन और कप्तानी को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है और साथ ही में उन्होंने उनकी कप्तानी पर भी सवाल उठाए हैं।
केन विलियमसन दो बार एक ही गलती कर चुके हैं: आकाश चोपड़ा
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान आकाश चोपड़ा ने कहा कि, “केन की कप्तानी, मुझे लगता है कि दो बार उनके फैसले बहुत अजीब रहे हैं। पिछले मैच में ब्रेबॉर्न स्टेडियम में जगदीश सूचित से आखिरी ओवर कराना और फिर इस मैच में वॉशिंगटन सुंदर से आखिरी ओवर करवाना। मतलब ऐसा वो कैसे कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “और हम केन विलियमसन की बात कर रहे हैं, जिनके पास बेस्ट क्रिकेटिंग दिमाग है। वह भी आंद्रे रसेल जैसे बल्लेबाज के आगे, यह ठीक ऐसा ही था, जैसे आपने किसी बकरे को कसाई के हवाले कर दिया हो। ऐसा करने पर क्या होता है, बकरे की गर्दन कटती है और यहां भी कुछ ऐसा ही हुआ।”
आपको बता दें कि, केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए पिछले मुकाबले में भी रसेल ने 49 रनों की नाबाद पारी खेली थी। तब जगदीश सूचित के आखिरी ओवर में रसेल ने चार गेंद खेली थीं और 16 रन बनाए थे। केकेआर ने उस मुकाबले में 175 रन बनाए थे, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने उस मैच को आसानी से जीत लिया था।
बता दें कि, अगर हैदराबाद को प्लेऑफ में जगह बनानी है तो उनको अपने दोनो मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे और साथ ही उन्हें अन्य टीमों के परिणाम पर भी निर्भर होना होगा। हैदराबाद अपना अगला मुकाबला 17 मई को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेलेगी।