गर्मी को देखते हुए PCB वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के मैचों के शुरू होने के समय में कर सकती परिवर्तन
वेस्टइंडीज की टीम पाकिस्तान के दौरे पर जून महीने में 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - मई 18, 2022 2:48 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) जून 2022 महीने में वेस्टइंडीज के साथ होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज को लेकर जल्द ही एक बड़ा फैसला मैचों के शुरू होने के समय को लेकर ले सकती है। दरअसल इस समय पाकिस्तान में गर्मी का अलग सितम देखने को मिल रहा है, जिससे हीटवेव के कारण लोग बेहद परेशान दिख रहे हैं। ऐसे में वनडे सीरीज के मैचों को दोपहर के समय शुरू करने पर खिलाड़ियों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
बता दें कि वेस्टइंडीज की टीम इससे पहले दिसंबर 2021 में पाकिस्तान के दौरे पर द्विपक्षीय सीरीज खेलनी आई थी। लेकिन उस समय दोनों टीमों के बीच में सिर्फ टी-20 सीरीज ही आयोजित की जा सकी जिसमें मेजबान पाकिस्तान ने 3-0 से उसे अपने नाम किया था। इसके बाद वनडे सीरीज के मैचों का आयोजन जून 2022 में कराने का फैसला लिया गया।
दरअसल टी-20 सीरीज के शुरू होने से पहले वेस्टइंडीज की टीम में कोरोना के मामले सामने आने के बाद वनडे सीरीज को स्थगित किए जाने का फैसला लिया गया था। जिसमें अब इनका आयोजन 8, 10 और 12 जून को किया जाएगा।
दोपहर 2 बजे की जगह 5 बजे शुरू हो सकते मैच
क्रिकेट पाकिस्तान की एक रिपोर्ट के अनुसार, वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के मैचों के शुरू होने के समय में PCB बड़ा बदलाव करने का फैसला कर सकती है। जिसमें मैच दोपहर 2 बजे की जगह पर शाम 5 बजे शुरू किए जा सकते हैं, ताकि गर्मी का प्रभाव अधिक ना पड़े।
इसके अलावा मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रावलपिंडी और मुल्तान में जून के पहले सप्ताह का तापमान करीब 40 डिग्री से अधिक होने की उम्मीद की जताई गई है, जो सभी के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकता है।
वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वनडे सीरीज के मैचों में अलग से ड्रिंक्स ब्रेक को लेकर भी योजना बना रहा है, ताकि खिलाड़ियों को गर्मी से बचाया जा सके और उन्हें पर्याप्त आराम भी मिल सके। इसके अलावा डगआउट में कूलर लगाने की भी योजना शामिल की गई है।