रिंकू सिंह की बल्लेबाजी के मुरीद हुए ब्रेंडन मैकुलम, मैच के बाद जमकर की तारीफ - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिंकू सिंह की बल्लेबाजी के मुरीद हुए ब्रेंडन मैकुलम, मैच के बाद जमकर की तारीफ

रिंकू सिंह ने लखनऊ के खिलाफ मैच में 15 गेंदो पर 40 रन की आक्रमक पारी खेली थी।

Rinku Singh. (Photo Source: IPL/BCCI)
Rinku Singh. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। 18 मई को हुए मुकाबले में लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) ने कोलकाता को 2 रनों से मात दी, जिसके बाद उनका प्लेऑफ में जाने का सपना पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। हालांकि टीम के हेड कोच ब्रैंडन मैकुलम ने विश्वास के साथ कहा है कि टीम रिंकू सिंह पर आने वाले संस्करणों में जरूर निवेश करेगी। रिंकू सिंह ने केकेआर के लिए इस सीजन में बेहतरीन बल्लेबाजी की है।

एलएसजी के खिलाफ हुए मुकाबले में रिंकू ने अपनी ताबड़तोड़ पारी से कोलकाता को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया था, लेकिन स्टोइनिस की आखिरी दो गेंदों ने मैच का रुख वापस पलट दिया। रिंकू ने इस मुकाबले में 15 गेंदो पर 40 रनों की आक्रमक पारी खेली थी जिसमें उन्होंने 4 छक्के और 2 चौके जड़े थे। वो पारी के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर एविन लुईस को अपना कैच दे बैठे।

बहुत कम ही खिलाड़ी मिडिल ऑर्डर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं: ब्रैंडन मैकुलम

कोलकाता टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, रिंकू ने इस सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया है। इसमें कोई शक नहीं है कि आने वाले समय में कोलकाता उन पर निवेश जरूर करेगा। यही नहीं आने वाले समय में रिंकू और भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि, बहुत ही कम ऐसे खिलाड़ी हैं जो मिडिल ऑर्डर में आकर ऐसी बल्लेबाजी कर सकते हैं और अपने दम पर टीम को जीत दिला सकते हैं। रिंकू ने हमारे लिए ऐसा 2-3 बार किया है। वो बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं और मैं उनसे काफी खुश हूं।

ब्रेंडन मैकुलम को हाल ही में इंग्लैंड टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है और अब वो केकेआर के हेड कोच का पद भी छोड़ देंगे। अब देखना ये होगा की फ्रेंचाइजी उनकी जगह किसे टीम में शामिल करती है।

close whatsapp