क्या सिर्फ दिनेश कार्तिक ही वापसी के हकदार हैं? शिखर धवन के साथ हुई नाइंसाफी पर भड़के सुरेश रैना - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या सिर्फ दिनेश कार्तिक ही वापसी के हकदार हैं? शिखर धवन के साथ हुई नाइंसाफी पर भड़के सुरेश रैना

क्या टीम इंडिया में दिनेश कार्तिक की वापसी से खुश नहीं हैं सुरेश रैना?

Dinesh Karthik, Suresh Raina and Shikhar Dhawan (Image Source: BCCI/IPL/Twitter)
Dinesh Karthik, Suresh Raina and Shikhar Dhawan (Image Source: BCCI/IPL/Twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम की घोषणा की है। आईपीएल 2022 (IPL 2022) के समापन के बाद टीम इंडिया 9 जून से पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।

एक तरफ जहां विराट कोहली, कप्तान रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आगामी घरेलू सीरीज से आराम दिया गया, वहीं उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह जैसे कई युवाओं को आईपीएल 2022 (IPL 2022) में प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया गया।

शिखर धवन को नहीं मिली भारतीय टीम में जगह

इस बीच, दिनेश कार्तिक की तीन साल बाद भारतीय टीम में वापसी सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने आखिरी बार 2019 वर्ल्ड कप के दौरान भारत के लिए खेला था। वह आईपीएल 2022 (IPL 2022) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के लिए शानदार प्रदर्शन के बदौलत टीम इंडिया में वापसी करने में सफल रहे।

दिनेश कार्तिक की वापसी के अलावा, प्रशंसकों और क्रिकेट बिरादरी के बीच शिखर धवन को दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए नहीं चुने जाने की भी चर्चा हो रही है। इस बीच, सुरेश रैना ने आगामी घरेलू सीरीज के लिए शिखर धवन को नहीं चुने जाने पर सवाल उठाया है। उनका मानना ​​है अगर दिनेश कार्तिक को आईपीएल 2022 (IPL 2022) में उनके प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है, तो फिर शिखर धवन भी भारतीय टीम में जगह पाने के हकदार हैं।

सुरेश रैना ने स्टार स्पोर्ट्स पर क्रिकेट लाइव शो में कहा: “जाहिर है शिखर धवन को भारतीय टीम में नहीं चुने जाने से बेहद निराशा हुई होगी। हर कप्तान उनके जैसा खिलाड़ी अपनी टीम में चाहता है। वह बड़ा मेजदार व्यक्ति है, जो ड्रेसिंग रूम में उल्लास भर देता है, और टीम के माहौल में जान डाल देता है। इसके अलावा, धवन ने हमेशा, चाहे फिर वह घरेलू, अंतरराष्ट्रीय या टी-20 क्रिकेट हो, सभी में रन बनाए हैं।”

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा: “अगर राष्ट्रीय चयनकर्ता दिनेश कार्तिक को टीम में वापस लेकर आए हैं, तो शिखर धवन भी टीम में जगह के हकदार थे। उन्होंने पिछले 3-4 वर्षों में अच्छे रन बनाए हैं और लगातार रन बना ही रहे हैं। वह टीम में चयनित नहीं होने से बेहद दुखी होंगे।”

close whatsapp