IPL 2022: क्या हार्दिक पांड्या एमएस धोनी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं? - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022: क्या हार्दिक पांड्या एमएस धोनी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं?

हार्दिक पांड्या आईपीएल में सफल कप्तानी के बाद भारतीय कप्तान बनने की राह पर निकल पड़े हैं!

MS Dhoni and Hardik Pandya (Image Source: BCCI/IPL)
MS Dhoni and Hardik Pandya (Image Source: BCCI/IPL)

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का आईपीएल 2022 (IPL 2022) में सफर गुजरात टाइटन्स (GT) के कप्तान के रूप में शानदार रहा। बतौर ऑलराउंडर क्रिकेट के मैदान में वापसी करने से लेकर नई फ्रेंचाइजी को पहले ही सीजन में बिना किसी कप्तानी के अनुभव के आईपीएल (IPL) ट्रॉफी जीतना हार्दिक पांड्या के हुनर को दर्शाता है।

हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) में न केवल बतौर ऑलराउंडर बेहतरीन प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी कप्तानी कौशल से भी सभी को प्रभावित कर दिया और उन्ही में से एक पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर है।

हार्दिक पांड्या एमएस धोनी के नक्शे कदमों पर चल रहे हैं: सुनील गावस्कर

हार्दिक पांड्या के गुजरात टाइटन्स (GT) को पहला आईपीएल (IPL) खिताब दिलाने के बाद, सुनील गावस्कर ने ऑलराउंडर की शानदार कप्तानी के लिए सराहना की है। उन्होंने कहा कि बतौर कप्तान हार्दिक पांड्या का प्रेरणादायक प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा संकेत है। पूर्व भारतीय कप्तान का यह भी मानना है कि हार्दिक पांड्या ने अपने करीबी दोस्त और मेंटर एमएस धोनी से बहुत कुछ सीखा है।

स्पोर्ट्स तक पर बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा: “हार्दिक पंड्या की आईपीएल में कप्तानी को देखकर ऐसा लगता है कि उन्होंने एमएस धोनी से बहुत कुछ सीखा है। हम सभी को पता है कि वह एमएस धोनी को अपना बड़ा भाई और अपना हीरो मानते हैं। हार्दिक पांड्या की मैन-मैनेजमेंट शैली जो हमने इस सीजन में देखी, उसमें एमएस धोनी का दृष्टिकोण झलकता है। जैसे धोनी मैदान पर बहुत अधिक भावनाएं जाहिर नहीं किया करते, और ना ही खिलाड़ियों की गलतियों को मैदान पर बताते, ठीक वैसे ही पांड्या  भी मैदान पर बहुत अधिक भावनाएं नहीं दिखाते और खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में उनकी गलतियां गिनाते हैं।”

सुनील गावस्कर ने आगे कहा: “कप्तान के यहीं सारे गुण खिलाड़ियों को उसके लिए कुछ खास करने के लिए प्रेरित करते है। मुझे लगता है कि आईपीएल 2022 में हार्दिक पांड्या गेंदबाजी में बदलाव करने और फील्ड प्लेसमेंट में भी काफी प्रभावशाली रहे हैं। कप्तान के रूप में उनकी सफलता टीम इंडिया के लिए एक सकारात्मक संकेत है।”

close whatsapp