शुभमन गिल की नजरों में अब वर्ल्ड कप से भी बड़ा टूर्नामेंट बन गया है आईपीएल!
आईपीएल 2022 के फाइनल मैच में शुभमन गिल ने नाबाद 45 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - मई 30, 2022 2:32 अपराह्न

गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद में अपने घरेलू फैंस के सामने आईपीएल 2022 के फाइनल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में नई फ्रेंचाइजी ने पूरे सीजन शानदार खेल दिखाया और फाइनल मुकाबले को भी आसानी से जीतने में कामयाब रहे। फाइनल मैच में टीम के लिए शानदार बल्लेबाजी करने वाले सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने जीत के बाद एक बड़ा बयान दिया है।
गिल एक मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच के अंत तक क्रीज पर बने रहे और उन्होंने ओबेद मैकॉय की गेंद पर छक्का लगाकर गुजरात टाइटंस को अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी दिलाई। केकेआर के पूर्व सलामी बल्लेबाज चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले साल के फाइनल में हारने वाली टीम का हिस्सा थे। लेकिन इस सीजन के खिताबी मुकाबले में उन्होंने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 45 रन बनाए।
इस युवा बल्लेबाज ने अपने ओपनिंग पार्टनर रिद्धिमान साहा के साथ पारी की शुरुआत की, लेकिन साहा इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। फिर उन्होंने हार्दिक पांड्या और डेविड मिलर के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी करके टीम को मैच बनाए रखा। शुभमन गिल ने इस साल आईपीएल में 483 रन बनाए। उनकी इस सफलता को देख किसी को अधिक हैरान नहीं होना चाहिए है क्योंकि युवा सलामी बल्लेबाज को ऐसे बड़े मुकाबलों में बड़ी पारी खेलना अच्छे से आता है।
आईपीएल जीतने के बाद शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान
फाइनल मुकाबले में मिली जीत के बाद शुभमन गिल ने कहा कि, “यह वास्तव में काफी मायने रखता है। अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद आईपीएल जीतना भी उतना ही बड़ा है। यह मेरा चौथा साल है। मैं अंत तक वहां रहना चाहता था, और कोच के साथ यही बात की थी। खुशी है कि मैंने टीम को जीत दिलाई। हमारे गेंदबाजों ने वास्तव में अच्छी गेंदबाजी करके उन्हें 130 पर रोक दिया। हम उन्हें 150 से नीचे रखना चाहते थे।”
2018 में U19 विश्व कप सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी नाबाद 102 रनों की पारी उस टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक थी। शानदार प्रदर्शन के बाद गिल को उस टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से सम्मनित किया गया था।