भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान खिलाड़ियों और उनके परिवार को मिलेगी कड़े बायो-बबल से छूट - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान खिलाड़ियों और उनके परिवार को मिलेगी कड़े बायो-बबल से छूट

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मैच 9 जून को खेला जाएगा।

Indian Cricket Team. (Photo by ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images)
Indian Cricket Team. (Photo by ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images)

कोरोना के आने के बाद से बायो बबल सभी खिलाड़ियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। बायो बबल के अंदर रहकर किसी भी खिलाड़ी के लिए प्रदर्शन करना आसान नहीं होता है और इसका असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। चूंकि अब कोरोना का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है इसलिए बीसीसीआई ने आगामी दक्षिण अफ्रीका सीरीज से पहले खिलाड़ियों के हित को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है।

बीसीसीआई ने आगामी भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज में कड़े बायो-बबल के कड़े प्रावधानों में ढिलाई देने का फैसला किया है। ईएसपीएन क्रिकइंफो के एक रिपोर्ट के मुताबिक खिलाड़ियों और उनके परिवारों को सात दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन पीरियड से गुजरना नहीं पड़ेगा।

इस सीरीज के लिए भारतीय टीम शनिवार को या उससे पहले नई दिल्ली में एकत्रित हो सकती है, जहां इस सीरीज का पहला मैच खेला जाना है। तेम्बा बावुमा के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीकी टीम 2 जून को दिल्ली पहुंच सकती है। इस सीरीज के लिए, मेहमान टीम में आईपीएल 2022 में शामिल होने वाले दस खिलाड़ी शामिल हैं।

नहीं करवाना होगा समय-समय पर कोरोना टेस्ट

नियमों में बदलाव का मतलब यह भी है कि होटल और स्टेडियम के अंदर और बाहर खिलाड़ियों की आवाजाही प्रतिबंधित नहीं होगी। हालांकि सभी को तमाम एहतियात बरतने और बड़ी सभाओं से जहां तक संभव हो दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई है कि दल में शामिल किसी व्यक्ति के भीतर लक्षण मालूम पड़ने पर ही कोरोना टेस्ट किया जाएगा।

इसी के साथ ही बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेटरों की पत्नियों को भी बड़ी राहत दी है। जहां सभी के लिए अनिवार्य क्वारंटाइन को खत्म कर दिया गया है। इसके साथ ही बोर्ड ने यह फैसला लिया है कि, मैच से पहले अब सभी क्रिकेटर्स अपनी पत्नियों के साथ कहीं भी घूम सकेंगे। इस दौरान उन्हें किसी भी प्रतिबंधों का सामना नहीं करना होगा।

close whatsapp