IND vs SA: ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक भी सीरीज को लेकर बेहद उत्साहित, खरीदा दूसरे टी-20 मैच का पहला टिकट
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) के अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती और OCA के सचिव संजय बेहरा ने 6 जून को सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को पहला टिकट दिया।
अद्यतन - जून 7, 2022 5:49 अपराह्न

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी भारत और दक्षिण अफ्रीका सीरीज में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। उन्होंने 12 जून को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का पहला टिकट खरीदा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम इस मैदान में दूसरी बार खेलने उतर रही है। पहला मुकाबला दोनों टीमों के बीच 2015 में हुआ था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से मात देकर सीरीज अपने नाम की थी। हालांकि अब स्थितियां बदल चुकी हैं और भारत का हालिया प्रदर्शन अपने घर में काफी जबरदस्त रहा है।
बिजनेस स्टैंडर्ड के सूत्रों के मुताबिक ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) के अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती और OCA के सचिव संजय बेहरा ने 6 जून को सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को पहला टिकट दिया। यही नहीं सूत्र के मुताबिक बेहरा ने सीएम को मैदान में आयोजित व्यवस्थाओं के बारे में भी बताया।
काफी लंबे समय बाद दक्षिण अफ्रीका सीरीज में बायो बबल प्रतिबंध को हटा दिया गया है। इससे पहले 2 साल के बाद BCCI ने IPL को वापस भारत में आयोजित किया था, जिसमें बायो बबल प्रोटोकॉल लागू था। टूर्नामेंट में दर्शकों ने खूब आनंद उठाया और वह स्टेडियम में पहुंचकर मैच देखकर काफी खुश थे।
अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक को मिला मौका
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए केएल राहुल को भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं ऋषभ पंत उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। सीनियर खिलाड़ी जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को इस सीरीज में आराम दिया गया है। जबकि युवा खिलाड़ी जैसे अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक को टीम में शामिल किया गया है।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय टीम:
केएल राहुल (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (उपकप्तान) (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वेंकटेश अय्यर, युज़वेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक
ये है भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज का शेड्यूल:
पहला टी-20- 9 जून, दिल्ली
दूसरा टी-20- 12 जून, कटक
तीसरा टी-20- 14 जून, विशाखापट्टनम
चौथा टी-20- 17 जून, राजकोट
पांचवा टी-20 19 जून, बैंगलोर