ऋषभ पंत के समर्थन में उतरे भुवनेश्वर कुमार; पहले T20I मैच में हार की बताई असली वजह
भुवनेश्वर कुमार ने बतौर कप्तान डेब्यू मैच में ऋषभ पंत की कप्तानी पर अपनी राय दी।
अद्यतन - जून 12, 2022 12:22 अपराह्न

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार टीम इंडिया के कप्तान के रूप में अपना पहला मैच हारने के बाद ऋषभ पंत के बचाव में सामने आए हैं। कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर हो गए, जिसके बाद ऋषभ पंत को टीम इंडिया की कमान सौंपी गई।
हालांकि, युवा कप्तान उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए, क्योंकि भारतीय क्रिकेट टीम को पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट की शिकस्त झेलनी पड़ी। कटक में 12 जून को खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले, भुवनेश्वर कुमार ने कहा पहले हाई-स्कोरिंग T20I मैच में गेंदबाजों ने ऋषभ पंत को निराश किया।
आलोचना का शिकार हो रहे ऋषभ पंत के समर्थन में उतरे भुवनेश्वर कुमार
अनुभवी गेंदबाज ने आगे कहा घरेलू सीरीज के आगे बढ़ने के साथ आलोचना का शिकार हो रहे कार्यवाहक कप्तान के प्रदर्शन में सुधार होगा और साथ ही उन्होंने आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बतौर कप्तान ऋषभ पंत के बेहतर प्रदर्शन करने का समर्थन भी किया।
भुवनेश्वर कुमार ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “ऋषभ पंत एक युवा कप्तान है, और वह उसका पहला मैच था। मुझे यकीन है कि जैसे-जैसे सीरीज आगे बढ़ेगी, पंत बतौर कप्तान और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। एक कप्तान का प्रदर्शन टीम पर निर्भर करता हैं, सभी खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास के बिना कोई भी टीम मैच नहीं जीत सकती, इसलिए टीम जितना अच्छा करेगी, कप्तान का प्रदर्शन भी उतना ही अच्छा नजर आएगा।”
भारतीय गेंदबाज ने आगे कहा: “पहले मैच में हमारी गेंदबाजी अच्छी नहीं रही, हमने पंत को निराश किया। अगर हम सभी गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया होता, तो आप हमारे युवा कप्तान के निर्णय लेने के कौशल की प्रशंसा करते। लेकिन हमारी गेंदबाजी निराशाजनक रही और कप्तान को आलोचना का शिकार होना पड़ा। मुझे पूरा यकीन है कि वह आगामी मैचों में बतौर कप्तान अच्छा प्रदर्शन देंगे। हम अगले मैच में दमदार वापसी करना चाहते हैं।”