आयरलैंड को मात देने के लिए टीम इंडिया है तैयार, कोच लक्ष्मण और कप्तान हार्दिक ने बनाई रणनीति
26 जून को खेला जाएगा आयरलैंड और भारत के बीच पहला टी-20 मैच।
अद्यतन - Jun 26, 2022 1:50 pm

आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया के कप्तान हार्दिक पांड्या और मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण ने डबलिन में 26 जून को खेले जाने वाले पहले मैच से पहले खिलाड़ियों से बात की। बता दें, आयरलैंड और भारत के बीच दो टी-20 मुकाबले खेले जाने हैं। ये दोनों टी-20 मुकाबले डबलिन में खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 26 जून को और दूसरा मुकाबला 28 जून को खेला जाएगा। इस दौरे के लिए भारत ने तमाम युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है।
राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के साथ पहले से ही इंग्लैंड में हैं जिसकी वजह से राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए कोच नियुक्त किया गया था। 25 जून को BCCI के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने हार्दिक पांड्या और लक्ष्मण की टीम के साथ बातचीत करते हुए तस्वीरें साझा की।
इन तस्वीरों को कैप्शन के साथ अपलोड किया गया था। कैप्शन में लिखा था कप्तान @hardikpandya और हेड कोच @vvslaxman आयरलैंड के साथ पहले टी-20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम को संबोधित करते हुए। अभी कुछ ही दिन पहले भारतीय टीम डबलिन पहुंच चुकी है। वहां पहुंचकर युजवेंद्र चहल ने अपनी और दिनेश कार्तिक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थी।
यहां देखिए बीसीसीआई का वो पोस्ट
Captain @hardikpandya7 and Head Coach @VVSLaxman281 address the huddle on the eve of the first T20I against Ireland.#TeamIndia pic.twitter.com/aLVWAbVf53
— BCCI (@BCCI) June 25, 2022
हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी देखकर अच्छा लग रहा है: सुनील गावस्कर
स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान भारत के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने हार्दिक पांड्या की तारीफ करते हुए कहा है कि, ‘हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी में सूझबूझ को देखकर अच्छा लग रहा है। हार्दिक पांड्या ने पहले भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। पहले जब वो भारतीय टीम से खेलते थे तब टीम में कई दिग्गज क्रिकेटर थे। अब वो खुद ही एक अनुभवी खिलाड़ी बन गए हैं।
हार्दिक पांड्या ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज में 58.50 के औसत और 153.95 के स्ट्राइक रेट से 117 रन बनाए थे। उनको आगामी आयरलैंड सीरीज में भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है। सभी को हार्दिक पांड्या से उम्मीद रहेगी कि वो आयरलैंड सीरीज में भी जबरदस्त प्रदर्शन करें और भारतीय टीम को जीत दिलाएं।