इंग्लैंड दौरे पर 2 अभ्यास टी-20 मुकाबलों में दिनेश कार्तिक संभालेंगे भारतीय टीम की कप्तानी
भारतीय टीम को 3 मैचों की टी-20 सीरीज से पहले इंग्लैंड में 2 अभ्यास मैच भी खेलने हैं।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - जुलाई 1, 2022 10:13 अपराह्न

इंग्लैंड के दौरे पर गई भारतीय टीम को रीशेड्यूल 5वें टेस्ट मैच के बाद मेजबान टीम के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज खेलने मैदान पर उतरेगी। जिसकी शुरुआत 7 जुलाई से 3 मैचों की टी-20 सीरीज के साथ होगी। उससे पहले भारतीय टीम को 2 टी-20 अभ्यास मैच खेलने का भी मौका मिलेगा, जिसमें एक डर्बीशायर और दूसरा नॉर्थम्पटशायर के खिलाफ मुकाबला देखने को मिलेगा।
पहला टी-20 अभ्यास मैच भारतीय टीम को 1 जुलाई को जबकि दूसरा मुकाबला 3 जुलाई को खेलना है। इन दोनों ही मुकाबलों को लेकर भारतीय टीम की कप्तानी का जिम्मा अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक संभालेंगे। कार्तिक ने इससे पहले घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु टीम की कप्तानी की है, जिसमें सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में लेकर जाने में कामयाब हुए थे।
इसके अलावा दिनेश कार्तिक ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साल 2018 के सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कप्तानी की है, जिसमें टीम ने प्लेआफ तक का सफर तय किया था। बता दें कि टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल 209 दिनों के साथ कार्तिक सबसे लंबे समय तक खेलने के मामले में वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी क्रिस गेल और ड्वेन ब्रावो के बाद तीसरे नंबर पर हैं।
कार्तिक का फॉर्म भी इस समय है काफी शानदार
फॉर्म के लिहाज से बात की जाए तो दिनेशा कार्तिक मौजूदा समय में एक फिनिशर की भूमिका को निभाने में काफी अहम साबित हो रहे हैं। जिसमें इंडियन प्रीमियर लीग के साल 2022 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए कार्तिक ने अंतिम ओवरों में काफी अहम पारियां खेली थी, जिससे टीम को जीत भी हासिल हुई थी।
अपने इसी प्रदर्शन के दम पर कार्तिक ने फिर से भारतीय टीम में भी वापसी करने में भी कामयाबी हासिल की। IPL 2022 के सीजन में 16 मैचों में कार्तिक ने 55 के औसत से 330 रन बनाए थे, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 183.33 का रहा था। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी कार्तिक ने 46 के औसत से कुल 92 रन बनाए थे।