विराट कोहली के साथ एजबेस्टन में हुए विवाद को लेकर जॉनी बेयरस्टो ने तोड़ी चुप्पी - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट कोहली के साथ एजबेस्टन में हुए विवाद को लेकर जॉनी बेयरस्टो ने तोड़ी चुप्पी

जॉनी बेयरस्टो के शतक के बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में 284 रनों का स्कोर खड़ा किया।

Virat Kohli and Jonny Bairstow in argument (Photo Source: Twitter)
Virat Kohli and Jonny Bairstow in argument (Photo Source: Twitter)

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने एजबेस्टन में खेले जा रहे पुनर्निर्धारित पांचवें और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन विराट कोहली के साथ हुए अपने विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। 3 जुलाई को बेयरस्टो और कोहली के बीच एजबेस्टन में शब्दों की जंग देखी गई, जिसका नतीजा टीम इंडिया के लिए बिल्कुल अच्छा नहीं रहा, क्योंकि इंग्लैंड के बल्लेबाज शतक लगाकर मेजबान टीम को मुसीबत बाहर निकालने में सफल रहे।

एजबेस्टन में तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद जॉनी बेयरस्टो ने कहा कि उनके और विराट कोहली के बीच कोई खटास नहीं है, और मैदान पर जो कुछ भी हुआ, वह केवल अपने-अपने देशों के लिए अच्छा करने का जुनून था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्हें अब भी एक-साथ डिनर करने में कोई आपत्ति नहीं होगी।

हम अब भी अच्छे विरोधी है: जॉनी बेयरस्टो

जॉनी बेयरस्टो ने स्टंप के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा: “मैं आप सभी को पहले ही बता चूका हूं कि मेरे और विराट कोहली के बीच कोई लड़ाई नहीं हुई, हमारे बीच कोई खटास नहीं है, और मेरे शब्द अब भी वही रहेंगे। यह केवल मैदानी भावनाएं थी। हम भाग्यशाली है कि हम पिछले दस वर्षों से एक-दूसरे के खिलाफ खेल रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि हम अभी भी एक-साथ डिनर कर पाएंगे। आप लोग इसकी चिंता मत करिए।”

आपको बता दें, भारतीय गेंदबाज पुनर्निर्धारित टेस्ट के तीसरे दिन की सुबह इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर हावी थे, और जॉनी बेयरस्टो रन बनाने के लिए बेहद संघर्ष कर रहे थे, खासकर मोहम्मद शमी के खिलाफ। इस दौरान स्लिप पर तैनात विराट कोहली बेयरस्टो पर लगातार शब्दों के वार कर रहे थे, जिस पर इंग्लैंड के बल्लेबाज ने ऐसा कुछ कह दिया, जिससे पूर्व भारतीय कप्तान भड़क गए।

जिसके बाद कोहली ने बेयरस्टो को अपना मुंह बंद करने और अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने की सलाह दी। फिर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दो ऑन-फील्ड अंपायरो अलीम डार और रिचर्ड केटलबोरो को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, कोहली यहां रुके नहीं, उन्होंने बेन स्टोक्स और बेयरस्टो पर चुटीली टिप्पणियां जारी रखी।

 

close whatsapp