भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को दूसरे वनडे में 10 विकेट से एकतरफा मात देते हुए सीरीज में ली 2-0 की अजेय बढ़त - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को दूसरे वनडे में 10 विकेट से एकतरफा मात देते हुए सीरीज में ली 2-0 की अजेय बढ़त

भारतीय टीम ने इस मुकाबले में बिना विकेट गंवाए ही जीत हासिल कर ली।

Smriti Mandhana & Shafali Verma. (Photo Source: ICC/Twitter)
Smriti Mandhana & Shafali Verma. (Photo Source: ICC/Twitter)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है। जहां उन्होंने पहले 3 मैचों की टी-20 सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। वहीं अब टीम ने नई वनडे कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में श्रीलंका महिला टीम को दूसरे वनडे मैच में 10 विकेट से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे वनडे मुकाबले में भी भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसके चलते टीम को सिर्फ 174 रनों का लक्ष्य ही मिला जो टीम ने 25.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया।

रेनुका सिंह की शानदार गेंदबाजी से श्रीलंका सिमटी 173 के स्कोर पर

दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद श्रीलंका की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरी हसनी परेरा और विसमी गुनारत्ने टीम को बिल्कुल भी अच्छी शुरुआत देने में कामयाब नहीं हो सकी और दोनों ही ओपनिंग बल्लेबाज 7 के स्कोर तक पवेलियन लौट चुकी थी। वहीं इसके बाद 11 के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम को तीसरा झटका मदावी के रूप में लगा।

जिसके बाद कप्तान अटापट्टू और संजीवनी ने स्कोर को आगे लेकर जाने का काम किया लेकिन 42 के स्कोर पर टीम को चौथा झटका और बड़ा झटका अटापट्टू के रूप में लगा जो सिर्फ 27 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गई। यहां से श्रीलंकाई टीम के लिए मैच में बड़ा स्कोर बनाना काफी मुश्किल दिखने लगा। टीम की तरफ से निचलेक्रम में अमा कंचना ने जरूर नाबाद 47 रनों की पारी खेली जिसकी बदौलत टीम 173 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में रेनुका सिंह ने 3 विकेट जबकि मेघना सिंह और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

शेफाली और मंधाना की ओपनिंग जोड़ी ने दिलाई आसान जीत

174 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम की ओपनिंग जोड़ी ने शुरू से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर अपना दबाव पूरी तरह से बनाकर रखा हुआ था। जिसमें टीम ने पहले 10 ओवरों में ही 55 रन जोड़ दिए। यहां से दोनों को रोकना श्रीलंका के लिए आसान काम नहीं होने वाला था और जल्द ही दोनों ने स्कोर को 100 के पार भी पहुंचा दिया।

जिसके बाद भारतीय महिला टीम ने इस लक्ष्य को बिना किसी नुकसान के 25.4 ओवरों में हासिल करते हुए इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। जिसमें शेफाली वर्मा ने 71 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि स्मृति मंधाना के बल्ले से 94 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली।

यहां पर देखिए भारतीय महिला टीम की शानदार जीत पर सोशल मीडिया पर आईं क्या प्रतिक्रिया:

close whatsapp