महिला बीबीएल में एक बार फिर मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलते हुए नजर आएगी हरमनप्रीत कौर
मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम में फिलहाल नौ महिला खिलाड़ी है।
अद्यतन - Jul 4, 2022 6:21 pm

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर आगामी महिला बिग बैश लीग 2022-23 (WBBL 2022-23) में एक बार फिर मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलते हुए नजर आएगी। 33-वर्षीय स्टार ऑलराउंडर ने महिला बिग बैश लीग (WBBL) के आठवें संस्करण के लिए मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ दोबारा अनुबंध साइन किया है।
हरमनप्रीत कौर आगामी WBBL 2022-23 में मेलबर्न रेनेगेड्स से दोबारा जुड़ने के लिए बेहद उत्साहित हैं। मेलबर्न रेनेगेड्स ने भारतीय कप्तान की क्लब में वापसी की पुष्टि 4 जुलाई को की है। पिछले सीजन में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उन्हें दोबारा मेलबर्न टीम में शामिल किया गया है।
हरमनप्रीत कौर ने मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ दोबारा कॉन्ट्रैक्ट साइन किया
आपको बता दें, हरमनप्रीत कौर पिछले साल महिला बीबीएल (WBBL) में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाली और सबसे अधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी थी। आक्रामक भारतीय बल्लेबाज ने WBBL 2021-22 में 58 के औसत से 406 रन बनाए थे और अपनी ऑफ स्पिन से 15 विकेट झटके थे।
She's baaaaackkkk ❤️
One of the best in the world and last season's Player of the Tournament is returning to Melbourne! @RenegadesWBBL #WBBL08 pic.twitter.com/pvV7utyA6l
— Weber Women's Big Bash League (@WBBL) July 4, 2022
हरमनप्रीत कौर ने मेलबर्न रेनेगेड्स की आधिकारिक वेबसाइट के हवाले से कहा: “मैं मेलबर्न रेनेगेड्स से दोबारा जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे पिछले सीजन में इस टीम के साथ बहुत मजा आया, और मुझे लगता है कि इसने मुझे मेरे क्रिकेट को और बेहतरीन करने में मदद की। मैं सिर्फ टीम के लिए अपनी भूमिका निभाना चाहती थी, और मैं ऐसा कर पाने में सक्षम रही, जो बेहद सुखद एहसास था।”
भारतीय ऑलराउंडर ने आगे कहा: “हमने बतौर टीम पिछले साल एक-दूसरे का काफी सपोर्ट किया, और काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन मुझे लगता है कि हमें अभी भी कई क्षेत्रों में सुधार करने की जरुरत है। उम्मीद है कि हम इस बार भी फाइनल में फिर से जगह बना सकते हैं, और खिताब जीत सकते हैं।”
मेलबर्न रेनेगेड्स ने अब तक इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में जगह दी है –
सोफी मोलिनेक्स (कप्तान), जोसी डूले, ऐली फाल्कनर, हरमनप्रीत कौर, कार्ली लेसन, रियान ओ’डॉनेल, टायला व्लामिनक, जॉर्जिया वेयरहैम, कोर्टनी वेब।