जो रूट ने मुझे रनआउट कराया, अब उन्हें मुझे अपना एक टेस्ट शतक देना पड़ेगा: एलेक्स लीस - क्रिकट्रैकर हिंदी

जो रूट ने मुझे रनआउट कराया, अब उन्हें मुझे अपना एक टेस्ट शतक देना पड़ेगा: एलेक्स लीस

जो रूट को मुझे अपना एक टेस्ट शतक देना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई शतक जड़े हैं: एलेक्स लीस

Alex Lees’s run-out (Photo Source: Twitter)
Alex Lees’s run-out (Photo Source: Twitter)

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स लीस ने कहा है कि एजबेस्टन में भारत के खिलाफ दूसरी पारी में जो रूट ने उन्हें रन आउट करा दिया इसलिए अब वो उन्हें अपना एक टेस्ट शतक देंगे। बता दें, मुकाबले के चौथे दिन जडेजा की एक गेंद को लीस ने शॉर्ट फाइन लेग की ओर खेला था।

उस समय वहां मोहम्मद शमी तैनात थे। रूट बिना कुछ सोचे एक रन के लिए भागने लगे। लीस ने पहले मना किया लेकिन रूट इतनी तेजी में भागे थे कि उनका वापस लौटना काफी मुश्किल था इसलिए लीस को भी रन भागना पड़ा। शमी ने तुरंत गेंद पकड़ी और नॉन-स्ट्राइकर एंड की ओर गेंद फेंकी जहां जडेजा ने गेंद पकड़ कर लीस को रन आउट कर दिया।

उस समय इंग्लैंड के लिए यह बहुत बड़ा झटका था क्योंकि मेजबान 378 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे थे और लीस ने उस समय अपना विकेट गंवा दिया जब टीम का स्कोर 109 रन था। लीस का विकेट भारतीय टीम को तोहफे के तौर पर मिला। वो उस समय 65 गेंदों में 56 रन बनाकर खेल रहे थे और सभी को उम्मीद थी कि इस पारी में वो शतक जरूर जड़ेंगे।

जो रूट को मुझे अपना एक शतक देना चाहिए: एलेक्स लीस

न्यूजीलैंड के खिलाफ भी आखिरी टेस्ट मुकाबले की दूसरी पारी में वो रन आउट हुए थे। बता दें, लीस इंग्लैंड के तीसरे बल्लेबाज थे जो भारत के खिलाफ दूसरी पारी में आउट हुए थे। इसके बाद से चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत विकेट को तरस गया।

लीस ने चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘जो रूट को मुझे अपना एक टेस्ट शतक देना चाहिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई शतक जड़े हैं। इस रन आउट में दोनों की ही गलती थी। लेकिन अब पिछले 3 मुकाबलों में 2 बार रन आउट होने के बाद मुझे लगता है कि अभी इसपर भी बहुत काम करना जरूरी है।

पांचवे दिन के खेल को लेकर एलेक्स लीस ने कही यह बात

लीस का विकेट गिरने के बाद जो रूट और जॉनी बेयरस्टो ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और टीम को बेहतरीन स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जो रूट 112 गेंदों में 76* रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं वहीं जॉनी बेयरस्टो 87 गेंदों में 72* रन बनाकर उनका जबरदस्त साथ दे रहे हैं।

लीस ने आगे कहा कि, ‘मुझे सबसे अच्छी बात यह लगी कि मेरे रन आउट होने के बावजूद टीम अब काफी अच्छी स्थिति पर पहुंच गई है। जो रूट और जॉनी बेयरस्टो ने कमाल की बल्लेबाजी की। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह दोनों बल्लेबाज पांचवे दिन इंग्लैंड को जीत दिलाकर ही वापस पवेलियन लौटेंगे।

close whatsapp