इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में शानदार जीत बावजूद कप्तान रोहित शर्मा ने इस बात लेकर व्यक्त की निराशा - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में शानदार जीत बावजूद कप्तान रोहित शर्मा ने इस बात लेकर व्यक्त की निराशा

गेंदबाजी और बल्लेबाजी में हमने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन फील्डिंग में अभी हमें काफी मेहनत करनी है: रोहित शर्मा

Rohit Sharma. (Photo by Gareth Copley/Getty Images)
Rohit Sharma. (Photo by Gareth Copley/Getty Images)

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लगता है कि टीम को अभी भी अपनी फील्डिंग में काफी काम करने की जरूरत है। बता दें, 7 जुलाई को खेले जा चुके पहले टी-20 मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 50 रनों से मात दी। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में कुल 6 कैच छोड़े थे लेकिन सधी हुई गेंदबाजी की वजह से भारतीय टीम तीन टी-20 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाने में कामयाब रही।

मुकाबले के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘मैदान में हमने आज कई कैचेस छोड़े थे। हमें उनमें से तीन को पकड़ना चाहिए था। गेंदबाजी और बल्लेबाजी में हमने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन फील्डिंग में अभी हमें काफी मेहनत करनी है। हम अगले मुकाबले में जबरदस्त वापसी करने को तैयार हैं।

मुकाबले की बात करें तो, भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 198 रन बनाए थे। भारत की ओर से ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 33 गेंदों में 51 रन की पारी खेली थी। वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 33 रन देकर 4 विकेट झटके थे जिसकी वजह से इंग्लैंड 148 रन पर ढेर हो गई थी।

भारतीय कप्तान ने हार्दिक पांड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन को लेकर कहा कि, ‘जिस तरीके से हार्दिक पांड्या ने IPL से लेकर अभी तक अपने आप को तैयार किया है वो काफी कमाल का रहा है। मुझे उनकी गेंदबाजी ने काफी प्रभावित किया। वो पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन करना चाह रहे थे और उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कर के दिखाया। उन्होंने बल्लेबाजी भी काफी अच्छी तरह से की।

हमने योजना के तहत पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी की: रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने अपनी टीम की बल्लेबाजी को लेकर कहा कि, ‘आपको टी-20 में शुरुआती 6 ओवरों का भरपूर इस्तेमाल करना चाहिए। हमने योजना बनाई थी कि पावरप्ले में हम लोग ज्यादा से ज्यादा रन बनाने को देखेंगे। हमने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। कभी-कभी आक्रामक क्रिकेट खेलना आपके लिए सही साबित होता है।

हमारी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला 9 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा।

close whatsapp