अगर विराट कोहली आपके लिए उपलब्ध हैं तो चाहे कुछ हो जाए वो प्लेइंग XI में खेलेंगे: इशांत शर्मा
अगर विराट कोहली पूरी तरह से फिट रहते हैं तो उन्हें नंबर तीन पर खिलाया जाएगा जिसका मतलब है कि दीपक हुड्डा इस मुकाबले में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे: ईशांत शर्मा
अद्यतन - Jul 9, 2022 3:23 pm

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का मानना है कि अगर भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले में पूरी तरह से फिट रहते हैं तो उन्हें प्लेइंग XI में शामिल कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें प्लेइंग XI में शामिल किया जाता है तो दीपक हुड्डा को बाहर कर दिया जाएगा जो अच्छी बात नहीं होगी क्योंकि उन्होंने पहले टी-20 मुकाबले में तीसरे नंबर पर आकर बेहतरीन बल्लेबाजी की थी।
बता दें, इंग्लैंड और भारत के बीच खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 50 रनों से मात देकर तीन टी-20 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन, बर्मिंघम में 9 जुलाई को खेला जाएगा और भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज को अपने नाम करना चाहेगी।
दीपक हुड्डा को टीम से बाहर करना गलत होगा: इशांत शर्मा
ईशांत शर्मा ने जतिन सप्रू के यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘अगर विराट कोहली पूरी तरह से फिट रहते हैं तो उन्हें नंबर तीन पर खिलाया जाएगा जिसका मतलब है कि दीपक हुड्डा इस मुकाबले में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। यह काफी गलत बात है लेकिन यह भी सत्य है कि अगर विराट कोहली आपके लिए उपलब्ध है तो वो ही खेलेंगे चाहे कुछ हो जाए।
इशांत शर्मा का मानना है कि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अक्षर पटेल की जगह प्लेइंग XI में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि, अक्षर पटेल की जगह रवींद्र जडेजा को टीम में प्लेइंग XI में रखना चाहिए क्योंकि वो हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक जैसे गेंद को मार सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव को ही बचे हुए दोनों मुकाबलों में श्रेयस अय्यर की जगह नंबर चार पर खेलना चाहिए। मुझे लगता है कि आने वाले मुकाबलों में कुछ खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा।
इंग्लैंड टीम की बात की जाए तो कप्तान जोस बटलर पहले टी-20 मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर शून्य पर आउट हो गए थे। उनके साथी जेसन रॉय भी अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे थे। टीम की ओर से मोईन अली ने बल्लेबाजी में महत्वपूर्ण रन बनाए थे। इंग्लैंड टीम का यही सोचना होगा कि इस मुकाबले को वो अपने नाम करे और सीरीज को जिंदा रखे।