पाकिस्तान की गलती दोहरा...: भारत में कप्तानी में हो रहे लगातार बदलाव पर राशिद लतीफ ने जताई चिंता - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तान की गलती दोहरा…: भारत में कप्तानी में हो रहे लगातार बदलाव पर राशिद लतीफ ने जताई चिंता

राशिद लतीफ ने कहा विराट कोहली मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं।

Rashid Latif. (Photo Source: Twitter)
Rashid Latif. (Photo Source: Twitter)

भारतीय क्रिकेट टीम में कप्तानी को लेकर हो रहे लगातार बदलाव को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहली बार भारत को लगातार नए-नए खिलाड़ियों को नेतृत्व का मौका देते हुए  देखा है, और वे वही गलती दोहरा रहे हैं, जो पाकिस्तान ने 1990 के दशक में की थी।

जब से विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ी है, टीम इंडिया की कप्तानी का मौका करीब पांच खिलाड़ियों को दिया जा चूका है। हालांकि, रोहित शर्मा खेल के सभी प्रारूपों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्णकालिक कप्तान है, लेकिन चोटों और उन्हें आराम दिए जाने के कारण अन्य खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है।

आपको बता दें, रोहित शर्मा के अलावा, केएल राहुल, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और शिखर धवन ने  पिछले कुछ महीनों में विभिन्न सीरीज में भारत का नेतृत्व किया है। इस बीच, बीसीसीआई (BCCI) ने आगामी जिम्बाब्वे दौरे के लिए 15-सदस्यीय टीम की घोषणा की, जहां भारत तीन वनडे मैच खेलेगा और शिखर धवन को एक बार फिर कप्तान की भूमिका निभाने का मौका दिया गया है।

भारत को बस हर सीरीज के लिए एक नया कप्तान चाहिए: राशिद लतीफ

राशिद लतीफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा: “मुझे लगता है हर कोई भारत के बैकअप विकल्पों के बारे में बात करता रहता है, लेकिन अगर गौर करे तो उन्होंने पिछले एक साल में सात बैकअप कप्तान बनाए हैं, जो मेरे लिए आश्चर्य की बात है। यह भारत के इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है। विराट कोहली, केएल राहुल, रोहित शर्मा, शिखर धवन, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, इतने सारे कप्तान शायह ही आपने भारत के इतिहास में कभी देखा हो, और मुझे लगता है कि वे वही गलती दोहरा रहे हैं, जो पाकिस्तान ने 1990 के दशक में की थी।”

उन्होंने अंत में कहा: “मुझे लगता है भारत को न तो अब तक कोई अच्छा सलामी बल्लेबाज मिल पाया है, और ना ही उनके पास तय मध्यक्रम है, जिस पर भरोसा किया जा सके। भारत को बस हर सीरीज के लिए एक नया कप्तान चाहिए। सबसे हैरानी की बात तो ये है कि कोई भी कप्तान उनके लिए लगातार नहीं खेल रहा है, केएल राहुल अभी भी फिट नहीं हैं; रोहित पहले अनफिट थे। विराट कोहली मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं। भारत को इस मुद्दे पर विचार करना चाहिए। वे इतने सारे कप्तान बदल रहे हैं, उन्हें सौरव गांगुली, एमएस धोनी, विराट कोहली जैसे कप्तान की जरूरत है।”

ये रही जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की वनडे टीम

शिखर धवन (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, आवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और दीपक चाहर।

close whatsapp