एलन डोनाल्ड ने टी-20 क्रिकेट को बताया 24 गेंद की पहेली; जिम्बाब्वे दौरे पर बांग्लादेश के प्रदर्शन पर भी बात की - क्रिकट्रैकर हिंदी

एलन डोनाल्ड ने टी-20 क्रिकेट को बताया 24 गेंद की पहेली; जिम्बाब्वे दौरे पर बांग्लादेश के प्रदर्शन पर भी बात की

एलन डोनाल्ड ने बताया वह किस बांग्लादेशी गेंदबाज से बहुत प्रभावित हुए।

Allan Donald of South Africa. (Photo credit: Henry Browne/Getty Images)
Allan Donald of South Africa. (Photo credit: Henry Browne/Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज और बांग्लादेश के गेंदबाजी कोच एलन डोनाल्ड ने टी-20 क्रिकेट को 24 गेंद की पहेली बताया है, जिसे सुलझाने की सख्त जरूरत है। दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने कहा कि टी-20 क्रिकेट खिलाड़ियों को कठोर सबक सिखाता है, और इस प्रारूप में सफल होने के लिए खिलाड़ियों को स्ट्रीट-स्मार्ट होना चाहिए।

बांग्लादेश क्रिकेट टीम इस समय जिम्बाब्वे के दौरे पर है, जहां फिलहाल तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जा रही है, जिसके बाद 5 अगस्त से दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

जिम्बाब्वे ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बांग्लादेश को 17 रनों से मात दी, जबकि मेहमान टीम ने दूसरे मैच में जबरदस्त वापसी करते हुए सात विकेट की जीत दर्ज की। आज 2 अगस्त को बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच T20I सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है, जहां मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 135 रन बनाए हैं, जबकि मेहमान टीम अभी बल्लेबाजी के लिए उतरी नहीं है।

हसन महमूद से बेहद प्रभावित है एलन डोनाल्ड

एलन डोनाल्ड ने क्रिकबज के हवाले से कहा: “टी-20 क्रिकेट एक ऐसा खेल है, जो आपको कठिन सबक सिखाता है। मुझे खेल के इस प्रारूप में एक 24-गेंदों की पहेली दिखाई देती है, जिसे हल करने की जरुरत है, और इसका मतलब है स्ट्रीट स्मार्ट होना। मेरे लिए यह बात मायने नहीं रखती कि आपकी टीम कैसी है, बल्कि मुझे लगता है कि टी-20 क्रिकेट में छोटे से छोटा कदम बहुत ज्यादा मायने रखता है।”

उन्होंने आगे कहा: “हमने दूसरे मैच में अच्छी शुरुआत की थी, और साथ ही हमने दिखाया कि हम कितने स्मार्ट हो सकते हैं। अब हमें अंतिम मैच में भी यहीं करना होगा। इस T20I सीरीज का अंतिम मैच रोमांचक होने वाला है, और मैं इसके लिए बहुत ज्यादा उत्साहित हूं। मैं खासकर हसन महमूद से बहुत प्रभावित हुआ, क्योंकि मैंने इस बच्चे के बारे में बहुत कुछ सुना था। उन्होंने गेंद के साथ शानदार कौशल दिखाया और मुझे उनका समग्र चरित्र और शांत आचरण बहुत पसंद आया। उसके साथ काम करके मजा आ रहा है।”

close whatsapp