हार्दिक पांड्या ने दिया शानदार जवाब जब रिपोर्टर ने उन्हें जैक्स कैलिस की तरह बनने की उनकी टिप्पणी दिलाई याद - क्रिकट्रैकर हिंदी

हार्दिक पांड्या ने दिया शानदार जवाब जब रिपोर्टर ने उन्हें जैक्स कैलिस की तरह बनने की उनकी टिप्पणी दिलाई याद

हार्दिक पांड्या ने तीसरे मैच में अपने चार ओवर के कोटे में सिर्फ 19 रन दिए और एक विकेट भी लिया।

Hardik Pandya (Image Source: Twitter)
Hardik Pandya (Image Source: Twitter)

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या बेशक इस समय अपने करियर के सबसे शानदार दौर का आनंद ले रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में चोटों ने उन्हें काफी तंग किया है, लेकिन जब से उन्होंने आईपीएल 2022 में वापसी की, पीछे मुड़कर नहीं देखा है। हार्दिक पांड्या ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद क्रिकेट के मैदान से दूरी बना ली थी, और इस दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस और खेल पर जमकर मेहनत की, जो अब रंग ला रही है।

हार्दिक पांड्या ने बिना किसी कप्तानी के अनुभव के नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स (GT) को पहले ही सीजन में आईपीएल का खिताब दिला दिया और साथ ही बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया। आईपीएल 2022 में उनके निर्णय लेने और फिल्ड सेटिंग से प्रभावित होकर भारतीय चयनकर्ताओं ने उन्हें आयरलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का कप्तान नियुक्त किया और हार्दिक ने बतौर कप्तान पहली T20I सीरीज 2-0 से जीती।

हार्दिक पांड्या अपने हालिया फॉर्म से है बेहद खुश

जिसके बाद उनका ऑलराउंड प्रदर्शन इंग्लैंड के बाद वेस्टइंडीज में भी जारी है। आपको बता दें, हार्दिक पांड्या दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस को अपना आदर्श मानते हैं, और कुछ समय पहले उन्होंने कहा था कि वह भारत के लिए वहीं सब कुछ करना चाहते हैं, जो उनके आइडल ने अपने देश के लिए किया था।

2 अगस्त को वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच खेले गए तीसरे T20I मैच के बाद एक पत्रकार ने इस संदर्भ में हार्दिक पांड्या से पूछा कि क्या अब आप भारत के हार्दिक पांड्या बन गए हैं? जिस पर स्टार ऑलराउंडर ने मजेदार अंदाज में पत्रकार को जवाब दिया। बता दें, भारत ने यह मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ सात विकेट से जीता।

हार्दिक पांड्या ने कहा: “आप बता सकते हैं सर, मुझे तो नहीं पता। मेरा तो नाम ही हार्दिक पांड्या है, तो बनने की जरूरत नहीं है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं। अगर कोई अन्य खिलाड़ी वो कर पाने में सक्षम नहीं है, जो मैं अभी कर रहा हूं, तो शायद मैं भारत का ऑलराउंडर बन गया हूं।”

यहां देखिए वीडियो –

close whatsapp