जिंबाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में मिले हार के लिए तमीम इकबाल ने फील्डरों को ठहराया जिम्मेदार
जिंबाब्वे की ओर से इनोसेंट काया ने 122 गेंदों में 110 रन और सिकंदर रजा ने 109 गेंदों में 135* रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
अद्यतन - अगस्त 6, 2022 8:35 अपराह्न

टी-20 सीरीज में खराब प्रदर्शन करने के बाद बांग्लादेश को पहले वनडे मुकाबले में जिंबाब्वे के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह पिछले 9 सालों में जिंबाब्वे के खिलाफ बांग्लादेश की पहली हार है।
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवरों में 2 विकेट खोकर 303 रन बनाए। टीम की ओर से अनामुल हक ने 62 गेंदों में 72 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। 304 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान ने 48.2 ओवरों में ही इस मुकाबले को जीत लिया। टीम की ओर से इनोसेंट काया ने 122 गेंदों में 110 रन और सिकंदर रजा ने 109 गेंदों में 135* रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। रजा को इस मुकाबले में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से नवाजा गया।
इस मुकाबले में बांग्लादेश की फील्डिंग काफी खराब रही। उन्होंने कुल 4 कैच छोड़े। रजा जब 43 रन पर थे तब तैजुल इस्लाम ने उनका कैच छोड़ा। इसके बाद इनोसेंट काया का भी कैच दो बार छूटा। आखिरी में ल्यूक जोंगवे का भी कैच बांग्लादेशी टीम नहीं पकड़ पाई।
कैच ना पकड़ पाने की वजह से हम मुकाबला हार गए: तमीम इकबाल
तमीम इकबाल ने कहा कि, ‘पहले वनडे मुकाबले में हमारी फील्डिंग काफी खराब रही। हमने बहुत ही आसानी से रन दे दिए। हमें डॉट गेंदें फेंककर उनके ऊपर दबाव बनाना चाहिए था लेकिन हम वह नहीं कर पाए और इसी वजह से हम मुकाबला हार गए। उन्होंने आगे कहा कि, ‘आज हमारा दिन नहीं था। हमसे कई कैच छूटे। सीधी बात है अगर मुकाबले में 4 कैच छोड़ेंगे तो आप कभी नहीं जीत सकते।’
तमीम इकबाल ने आगे कहा कि, ‘हम लोग जिस तरीके से बल्लेबाजी कर रहे थे उससे हम 15-20 रन और बना सकते थे। बीच के ओवरों में हम ऐसा नहीं कर पाए। हमारी टीम के खिलाड़ियों ने कई मुकाबलों में अच्छी बल्लेबाजी की है इसलिए मैं किसी को कुछ नहीं कहना चाहूंगा लेकिन अगले मुकाबले में हम जबरदस्त वापसी करेंगे।’
बता दें, इन दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। जिंबाब्वे ने पहला मुकाबला जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली है। अगले मुकाबले में बांग्लादेश जबरदस्त वापसी करने को देखेगी और सीरीज को बराबर करना चाहेगी।