मेरे हिसाब से भारतीय टीम चहल और बिश्नोई को एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खिला सकती है: दानिश कनेरिया - क्रिकट्रैकर हिंदी

मेरे हिसाब से भारतीय टीम चहल और बिश्नोई को एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खिला सकती है: दानिश कनेरिया

वेस्टइंडीज सीरी़ज के बाद भारत का अगला दौरा जिंबाब्वे का होगा और उसके बाद उन्हें एशिया कप टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है जो UAE में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक खेला जाएगा।

yuzvendra chahal, danish kaneria and ravi bishnoi (source-twitter)
yuzvendra chahal, danish kaneria and ravi bishnoi (source-twitter)

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने सुझाव दिया है कि एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम अपने दोनों लेग स्पिनर्स युजवेंद्र चहल और रवि बिश्नोई को खिलाने का फैसला कर सकती है।

बता दें, वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही पांच मुकाबलों की टी-20 श्रंखला में चहल को आराम दिया गया है जबकि रवि बिश्नोई ने इस सीरी़ज में दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में शानदार प्रदर्शन किया है। पहले टी-20 मुकाबले में बिश्नोई ने 26 रन देकर दो विकेट झटके थे वहीं चौथे टी-20 मुकाबले में 27 रन देकर दो विकेट झटके।

वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारत का अगला दौरा जिंबाब्वे का होगा और उसके बाद उन्हें एशिया कप टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है जो UAE में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 28 अगस्त को होगा।

एशिया कप के मैच में चहल और बिश्नोई को एक साथ खिलाने में कोई बुराई नहीं है: दानिश कनेरिया

दानिश कनेरिया ने अपने यूट्यूब चैनल में भारतीय टीम को सुझाव देते हुए कहा है कि, ‘एशिया कप के मैच में चहल और बिश्नोई को एक साथ खिलाने में कोई बुराई नहीं है। भारतीय टीम शायद पाकिस्तान के खिलाफ इन दोनों खिलाड़ियों को साथ में खिला सकती हैं। सब बातों की एक बात, यह मुकाबला एशिया कप का सबसे बड़ा मुकाबला होगा।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘रवि बिश्नोई कमाल के गेंदबाज हैं। उनके पास काफी वेरिएशंस है और दिमाग लगाकर गेंदबाजी करते हैं। उनके पास गुगली है और वो फ्लिपर भी काफी अच्छी तरह से फेंकते हैं। अगर उनकी किसी गेंद पर बाउंड्री भी पड़ जाती है तब भी वह अपना आत्मविश्वास नहीं खोते हैं।

अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए दानिश कनेरिया ने कहा कि, ‘अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन दिन प्रतिदिन बेहतर होता जा रहा है और उनकी गेंदबाजी भी हर मुकाबले में और शानदार होती जा रही है। उन्होंने भारत के लिए सिर्फ 5-6 मुकाबले खेले हैं लेकिन इतने में ही उन्होंने काफी कुछ सीख लिया है।

भारत के लिए वो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके जितना अच्छा प्रदर्शन करना इस समय किसी भी गेंदबाज के लिए काफी मुश्किल है। भारत के लिए एशिया कप में वो काफी घातक गेंदबाज साबित हो सकते हैं।

दानिश कनेरिया ने सूर्यकुमार यादव के हेलीकॉप्टर शॉट पर दिया बड़ा बयान

शानदार गेंदबाजी से पहले भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और टीम का स्कोर 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 191 रन तक पहुंचाया। रोहित शर्मा ने 16 गेंदों में 33 रन बनाए जबकि सूर्यकुमार यादव ने 14 गेंदों में 24 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दी। दानिश कनेरिया ने सूर्यकुमार यादव के हेलीकॉप्टर शॉट की तुलना महेंद्र सिंह धोनी के हेलीकॉप्टर शॉट से की।

सूर्यकुमार यादव ने ओबेड मैकॉय की गेंद पर इस बेहतरीन शॉट को खेला था। उन्होंने आगे कहा कि, ‘सूर्यकुमार यादव कमाल के टैलेंटेड खिलाड़ी है। उनका खेल काफी कमाल का है। जो हेलीकॉप्टर शॉट उन्होंने इस मुकाबले में खेला उसको देखकर कई लोगों को महेंद्र सिंह धोनी की याद आ गई। यहां तक की मुझे भी इस शॉट में महेंद्र सिंह धोनी की झलक दिखी।

close whatsapp