दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज बराबरी को तैयार इंग्लैंड, ओली रॉबिन्सन की दूसरे टेस्ट में हुई वापसी
इस प्लेइंग XI में मैथ्यू पॉट्स की जगह ओली रॉबिन्सन को टीम में शामिल किया गया है।
अद्यतन - अगस्त 24, 2022 6:30 अपराह्न

इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला कल यानी 25 अगस्त से शुरू होने वाला है। यह मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा। बता दें, तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने एक पारी और 12 रनों से जीता था।
बेन स्टोक्स की अगुवाई में इंग्लैंड टेस्ट टीम की यह पहली हार है। बता दें, जबसे इंग्लैंड टेस्ट टीम का कप्तान बेन स्टोक्स को नियुक्त किया गया और मुख्य कोच का पद ब्रैंडन मैकुलम को मिला तबसे इंग्लैंड ने सभी टेस्ट मुकाबले जीते थे। उन्होंने न्यूजीलैंड को 3-0 से मात दी थी और भारत को भी पांचवें और आखिरी टेस्ट मुकाबले में शिकस्त दी लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने इस टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और पहला टेस्ट मुकाबला अपने नाम किया।
मैथ्यू पॉट्स की जगह ओली रॉबिन्सन को टीम में किया गया शामिल
इसी के साथ दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए इंग्लैंड टीम ने अपनी प्लेइंग XI की घोषणा कर दी है। इस प्लेइंग XI में मैथ्यू पॉट्स की जगह ओली रॉबिन्सन को टीम में शामिल किया गया है। टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड गेंदबाजी में पारी की शुरूआत करेंगे, वहीं स्पिन डिपार्टमेंट का जिम्मा जैक लीच संभालेंगे।
बल्लेबाजी में एलेक्स लीस और जैक क्रॉली को ओपनिंग करते हुए देखा जाएगा। वहीं तीसरे और चौथे क्रम में ओली पॉप और जो रूट बल्लेबाजी करने उतरेंगे। जॉनी बेयरस्टो और कप्तान बेन स्टोक्स अपने शानदार फॉर्म में वापस आना चाहेंगे।
वहीं दक्षिण अफ्रीका इस टेस्ट मुकाबले को जीतकर सीरीज को अपने नाम करना चाहेगी। टीम ने पहले टेस्ट मुकाबले में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और उसी प्रदर्शन को वो आगे भी जारी रखना चाहेगी। ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका की बात की जाए तो दक्षिण अफ्रीका 75 पॉइंट प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर हैं जबकि इंग्लैंड 31.37 पॉइंट प्रतिशत के साथ 7वें पायदान पर है।
यह रही इंग्लैंड की प्लेइंग XI दूसरे टेस्ट के लिए:
एलेक्स लीस, जैक क्रॉली, ओली पॉप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान) , बेन फोक्स, ओली रॉबिन्सन, जैक लीच, स्टुअर्ट ब्रॉड, जेम्स एंडरसन।