एशिया कप 2022 में खेलने वाली भारतीय टीम को लेकर पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने अब बताई यह बड़ी कमी - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022 में खेलने वाली भारतीय टीम को लेकर पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने अब बताई यह बड़ी कमी

एशिया कप 2022 में भारतीय टीम को अपना पहला मुकाबला 28 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है।

Ravi Bishnoi with his Teammates. (Photo Source: Twitter)
Ravi Bishnoi with his Teammates. (Photo Source: Twitter)

एशिया कप 2022 को शुरू होने में अब अधिक समय नहीं बचा है, जिसको लेकर सभी टीम यूएई पहुंचने के साथ अभ्यास के अलावा वहां के हालात के अनुसार अपनी रणनीति भी बनाने में जुटी हुई हैं। इस बार टी-20 वर्ल्ड कप को देखते हुए एशिया कप भी टी-20 फॉर्मेट में खेलने जा रही हैं और इसी कारण सभी 6 टीम अपनी पूरी क्षमता के साथ मैदान पर खेलने उतरेंगी। लेकिन सभी की नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच में 28 अगस्त को होने वाले मुकाबले पर रहने वाली हैं।

इस मेगा इवेंट में भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम देखा जाए तो वह बाकी टीमों के मुकाबले कहीं अधिक मजबूत दिखाई दे रहा है। जिसमें कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के अलावा केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत की मौजूदगी सबकुछ बयां कर देती है। लेकिन जसप्रीत बुमराह के ना होने से टीम का गेंदबाजी क्रम जरूर थोड़ा सा कमजोर दिखाई दे रहा है, जिसको लेकर पूर्व भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने भी अपनी बात को रखा है।

अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में आकाश चोपड़ा ने कहा कि, भारतीय टीम एशिया कप 2022 के दौरान विकेट हासिल करने के लिए लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर काफी अधिक निर्भर रहने वाली है। इसके अलावा टीम में अन्य कोई ऐसा गेंदबाज मुझे नहीं दिख रहा जो टीम के लिए एक विकेट निकालने वाला गेंदबाज बन सके। क्योंकि टीम में जो बाकी गेंदबाज हैं वह रन रोकने वाले दिख रहे हैं, जिनको बल्लेबाज ही कुछ अलग करने में अपना विकेट दे सकता है।

तेज गेंदबाजी विभाग में भारतीय टीम थोड़ा कमजोर दिख सकती है

आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, एशिया कप में खेलने वाली भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को देखा जाए तो वह थोड़ा अनुभवहीन दिखाई देता है। जिसमें भुवनेश्वर कुमार को छोड़ दिया जाए तो उसके अलावा आवेश खान और अर्शदीप सिंह को अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का उतना अधिक अनुभव हासिल नहीं है।

जिसमें चोपड़ा के अनुसार, भारतीय टीम को दीपक चाहर को जरूर शामिल करना चाहिए था, क्योंकि दूसरी टीम भी 17 से 18 खिलाड़ियों के साथ यूएई में पहुंची हैं। ऐसे में आपको तेज गेंदबाजी विभाग में जरूर थोड़ा मजबूती मिलती।

close whatsapp