गौतम गंभीर की कोचिंग के साथ-साथ उनकी गेंदबाजी का भी सोशल मीडिया पर बन रहा मजाक, आप भी देखें वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

गौतम गंभीर की कोचिंग के साथ-साथ उनकी गेंदबाजी का भी सोशल मीडिया पर बन रहा मजाक, आप भी देखें वीडियो

गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने हाल ही में बीजीटी सीरीज गंवाई।

Gautam Gambhir (Pic Source-X)
Gautam Gambhir (Pic Source-X)

भारतीय टीम को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी खराब रहा। यही नहीं भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की कोचिंग पर भी काफी लोगों ने सवाल उठाए हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभी तक गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने काफी खराब प्रदर्शन किया है। इससे पहले टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ भी वनडे सीरीज में हार झेलनी पड़ी थी। गौतम गंभीर से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ थे, जिनकी कोचिंग में टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 को अपने नाम किया था।

अब बीजीटी में मिली करारी हार के बाद गौतम गंभीर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें गेंदबाजी करते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो 2006 का है, जब गौतम गंभीर एक खिलाड़ी के रूप में टीम इंडिया की ओर से खेलते थे।

बहुत ही कम बार ऐसा देखने को मिला है कि किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में गौतम गंभीर गेंदबाजी कर रहे हो। अब इस वायरल हो रहे वीडियो पर फैन्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ फैन्स गंभीर को ट्रोल भी कर रहे हैं।

यहां देखें वायरल वीडियो

यह वीडियो भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 7 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे वनडे का है, जो फरीदाबाद के नाहर सिंह स्टेडियम में खेला गया था। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम ने 226 रन बनाए थे। गौतम गंभीर इंग्लैंड की पारी का 38वां ओवर लेकर आए थे, जिसमें उन्होंने 13 रन दिए थे।

इस मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से सुरेश रैना ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और 81 रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। गौतम गंभीर ने 29 रनों का योगदान दिया और टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट से जीत दर्ज की थी। इस 7 मैचों की वनडे सीरीज को टीम इंडिया ने 5-1 से अपने नाम किया था।

close whatsapp