एशिया कप 2022: पाकिस्तान को विराट कोहली से बचकर रहना होगा, वो बड़े मुकाबलों में हमेशा शानदार प्रदर्शन करते हैं: असगर अफगान
पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेले जा चुके भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में भारत की ओर से विराट कोहली ने सर्वाधिक 57 रन बनाए थे।
अद्यतन - अगस्त 28, 2022 4:07 अपराह्न

अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान को विश्वास है कि भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एशिया कप 2022 के ग्रुप-ए मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करेंगे।
पिछले कुछ समय से विराट कोहली का फॉर्म काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा था। उसके बाद से ही उनके फॉर्म में गिरावट देखने को मिली है। कुछ मुकाबलों में उन्हें शुरुआत तो मिली लेकिन वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। सिर्फ एक ही प्रारूप में नहीं बल्कि तीनों ही प्रारूपों में उनका फॉर्म काफी खराब रहा है।
बता दें, विराट कोहली को वेस्टइंडीज और जिंबाब्वे दौरे में आराम दिया गया था लेकिन अब उन्हें एशिया कप 2022 में टीम में वापस शामिल किया गया है। अगर भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला जीतना है तो रोहित शर्मा और विराट कोहली का चलना बेहद जरूरी है। सभी लोगों की यही दुआ होगी कि विराट इस मुकाबले में बड़ा स्कोर बनाए और भारत को जीत दिलाए।
कोहली ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। इस सीरीज में भी उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा था और उन्होंने एक भी अर्धशतक अपने नाम नहीं किया था। हालांकि अब अपने खराब फॉर्म को भुलाकर विराट कोहली एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेंगे।
बड़े मुकाबलों में विराट कोहली हमेशा बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं: असगर अफगान
असगर अफगान के मुताबिक पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली शानदार प्रदर्शन करेंगे क्योंकि कोहली बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी है। उनके मुताबिक पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज अपना 200 प्रतिशत देंगे।
क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स7 द्वारा आयोजित रन की रननीति में असगर अफगान ने कहा कि, ‘ विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ जरूर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हमेशा से देखा गया है कि विराट कोहली बड़े मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हालांकि कई चीजें किस्मत के ऊपर भी निर्भर होती है, वो रनों के लिए भूखे हैं और पाकिस्तान के खिलाफ अपना 200 प्रतिशत देंगे।
बता दें, पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेले जा चुके भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में भारत की ओर से विराट कोहली ने सर्वाधिक रन बनाए थे। उनके 57 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवरों में 151 रन बनाए।