IND v PAK: मैच के बाद रवींद्र जडेजा से यह सवाल पूछ फिर सुर्खियों में आ गए मांजरेकर
पाकिस्तान के खिलाफ रवींद्र जडेजा ने 35 रनों की अहम पारी खेली।
अद्यतन - Aug 29, 2022 12:24 pm

टीम इंडिया ने 28 अगस्त (रविवार) को 2022 टी-20 एशिया कप के अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, रवींद्र जडेजा ने भी मैच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 30+ रन बनाए और अपनी टीम को जीत की दहलीज के करीब आने में मदद की।
टीम इंडिया की जीत के बाद फैंस को मैदान पर और भी रोमांचक पल देखने को मिले, उन्हीं में से एक था रवींद्र जडेजा और संजय मांजरेकर का आमना-सामना। दरअसल मैच के बाद मांजरेकर को जडेजा का इंटरव्यू लेना था। मांजरेकर जडेजा से कुछ सवाल पूछते उससे पहले ही ऑलराउंडर काफी हंसते और मुस्कुराते हुए नजर आए।
मैच के बाद संजय मांजरेकर और रवींद्र जडेजा का हुआ आमना-सामना
यह देखकर मांजरेकर ने कहा, “पहला सवाल, क्या आप मुझसे बात करने में सहज हैं। मांजरेकर के इस सवाल पर जडेजा ने जवाब दिया हां, हां. बिल्कुल. मुझे कोई परेशानी नहीं है। मैच के बारे में बात करते हुए जडेजा ने आगे कहा कि हम आखिर तक खेलना चाहते थे। उनके पास शानदार बॉलिंग अटैक है। उनके तेज गेंदबाज कुछ भी नहीं देते. मैं खेल खत्म कर सकता था, मगर हार्दिक शानदार खेले।
यहां देखिए वो वीडियो
sanjay manjrekar& sir ravindra jadeja never ending story #IndiaVsPakistan pic.twitter.com/sFXrXeQzMW
— s (@Sasi91226397) August 28, 2022
गौरतलब है कि, 2019 वर्ल्ड कप के दौरान मांजरेकर ने जडेजा को बिट्स एंड पीस क्रिकेटर कहा था। इसके बाद तो भारतीय ऑलराउंडर ने मांजरेकर को जमकर लताड़ा था। उन्होंने कहा था कि मैंने आपसे दोगुने मुकाबले खेले हैं और अभी भी खेल रहा हूं, जिन्होंने कुछ हासिल किया है, उनका सम्मान करना सीखें।
हालांकि, ऐसा लग रहा है कि जडेजा और मांजरेकर दोनों अपने पिछले विवाद को भूलकर आगे निकल गए हैं और टीम इंडिया की पाकिस्तान पर जीत के बाद दोनों एक-दूसरे से बात करते हुए सहज दिख रहे थे।