भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज को लेकर विजय दहिया ने दिया चौंकाने वाला बयान
इन दोनों टीमों के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज दिसंबर 2012 में खेली गई थी।
अद्यतन - सितम्बर 2, 2022 1:26 अपराह्न

एशिया कप 2022 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। यह मुकाबला 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था। इन दोनों टीमों के बीच हमेशा रोमांचक मुकाबला देखने को मिला है। इस बीच भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज विजय दहिया ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच कम द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने की वजह से दोनों टीमों की प्रतिद्वंदिता और भी ‘तीव्र’ हो गई है।
बता दें, इन दोनों टीमों के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज दिसंबर 2012 में खेली गई थी। इस दौरे पर 3 वनडे और 2 टी-20 मुकाबले खेले गए थे। उसके बाद से ही दोनों टीमों के बीच में भिड़ंत या तो एशिया कप में देखने को मिली है या फिर वर्ल्ड कप में। टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान ने 12 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि 9 में भारतीय टीम ने विरोधी टीम को शिकस्त दी है। वहीं वनडे में भी दोनों टीमों के बीच 73-55 का रिकॉर्ड है। टी-20 में भारत ने 8 और पाकिस्तान ने 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
क्रिकट्रैकर के ‘रन की रननीति’ शो में विजय दहिया ने कहा कि, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच कम द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने की वजह से दोनों टीमों की प्रतिद्वंदिता और भी ‘तीव्र’ हो गई है।
आखिरी द्विपक्षीय सीरीज खेलने के बाद भारत बनाम पाकिस्तान मुकबलों का रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012 में खेली गई थी और उसके बाद इन दोनों टीमों ने आपस में 8 वनडे और 5 टी-20 मुकाबले खेले हैं। दोनों ही प्रारूप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। वनडे में भारत ने छह मैचों में जीत हासिल की और टी-20 में 4 में पाकिस्तानी टीम को शिकस्त दी है।
इस मुकाबले से पहले इन दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में खेला गया था जिसमें पाकिस्तान ने 152 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 10 विकेट से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए इंडिया के टॉप ऑर्डर को बिखेर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।