एशिया कप 2022: अगर अफगानिस्तान बोर्ड चाहती है कि टीम ज्यादा से ज्यादा मुकाबले जीते तो उनको अधिक से अधिक शिविर लगाने की जरूरत है: असगर अफगान - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: अगर अफगानिस्तान बोर्ड चाहती है कि टीम ज्यादा से ज्यादा मुकाबले जीते तो उनको अधिक से अधिक शिविर लगाने की जरूरत है: असगर अफगान

7 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हारने के बाद अफगानिस्तान एशिया कप के फाइनल से बाहर हो गई है।

Rashid Khan and Asghar Afghan (Image Source: ACB Twitter)
Rashid Khan and Asghar Afghan (Image Source: ACB Twitter)

7 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हारने के बाद अफगानिस्तान एशिया कप के फाइनल से बाहर हो गई है। कम स्कोर बनाने के बावजूद टीम के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को लगभग इस मुकाबले में मात दे दी थी, हालांकि आखिरी ओवर की शुरुआती 2 गेंदों में नसीम शाह ने 2 छक्के जड़कर अपनी टीम को एशिया कप के फाइनल में पहुंचाया।

इस हार के बाद, अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने अपने बोर्ड से एक साल में टीम द्वारा खेले जाने वाले मुकाबलों की संख्या को बढ़ाने का अनुरोध किया है। वो चाहते हैं कि बोर्ड अधिक राष्ट्रीय शिविर लगाए और क्रिकेट जगत के बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ खेले। उनका मानना है कि जब तक अफगानिस्तान लगातार बड़ी टीमों के खिलाफ नहीं खेलेगी तब तक वो मुख्य मुकाबलों में जीत दर्ज नहीं कर पाएगी।

असगर अफगान ने क्रिकट्रैकर के ‘रन की रननीति’ शो में कहा कि, ‘जिस तरह से हम तैयारी कर रहे हैं, यह सही तरीका नहीं है। जिस तरीके से हम 2017-18-19 में टीम को मजबूत बना रहे थे, अब ऐसा नहीं दिख रहा है। हम शिविर लगाते थे, काफी मैच खेलते थे और टीम में सुधार हो रहा था। लेकिन अभी यही समस्या है।

जब तक हम शिविर नहीं लगाएंगे और ज्यादा से ज्यादा मैच नहीं खेलेंगे तब तक हम बड़ी टीमों के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाएंगे। हमें शिविर का आयोजन करना चाहिए और लगातार मुकाबले खेलने चाहिए।’

बल्लेबाजों को जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी: असगर अफगान

अफगानिस्तान टीम की गेंदबाजी की बात की जाए तो टीम के स्पिनरों ने अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। राशिद खान, मुजीब उर रहमान, मोहम्मद नबी ने काफी अच्छी गेंदबाजी की है। पाकिस्तान के खिलाफ फरीद अहमद और फजलहक फारूकी ने भी अच्छा खेला था, लेकिन टीम के बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन काफी खराब रहा है।

असगर अफगान ने कहा कि, ‘अब बल्लेबाजों को भी जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी। टी-20 में 150 रन ठीक ठाक स्कोर है। हमें उससे ज्यादा ही बनाने को देखना चाहिए। जब भी हम अच्छी टीमों के खिलाफ खेले, तब हमारे बल्लेबाजों को जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी। उनको एक अच्छा स्कोर देना होगा जिसको हमारे गेंदबाज रोक सके। आप हमेशा 130 रन के स्कोर को डिफेंड नहीं कर पाएंगे।’

close whatsapp