आरोन फिंच के वनडे से संन्यास पर विराट ने लिखा दिल छू लेने वाला मैसेज
आरोन फिंच और विराट कोहली 2020 में आरसीबी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में एक साथ खेले थे।
अद्यतन - सितम्बर 11, 2022 1:43 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर्स कप्तान आरोन फिंच ने हाल ही में वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की। जिसके बाद पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर आरोन फिंच के लिए एक खास संदेश साझा किया। दोनों खिलाड़ी आरसीबी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2020 सीज़न में एक साथ खेले थे। ऐसा माना जाता है कि ऑन फिल्ड और ऑफ फिल्ड दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती है।
दोनों खिलाड़ी अब जल्द ही एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हुए नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 सितंबर से मोहाली में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी। दरअसल फिंच ने अपने संन्यास को लेकर एक स्पेशल पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ अपने शानदार जर्नी को लेकर बात की।
कोहली ने कमेंट किया, ‘शाबाश फिंची। इतने सालों में आपके खिलाफ खेलना और आरसीबी में साथ खेलना शानदार रहा। अपनी जिंदगी के अगले फेज का पूरा आनंद उठाएं।’
यहां देखिए विराट कोहली का वो कमेंट
![]()
35 वर्षीय बल्लेबाज आज अपना 146वां और आखिरी वनडे मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक 146 वनडे मैचों में 39.13 की शानदार औसत से 5406 रन बनाए हैं। फिंच के नाम 17 एकदिवसीय शतक हैं और जो इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा तीसरा सबसे अधिक है। फिंच ने 2013 में वनडे में डेब्यू किया और 2015 में ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे।
लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में उनका खराब फॉर्म जारी रहा। उन्होंने पहले मैच में केवल पांच रन बनाए और दूसरे में डक पर आउट हुए। वहीं तीसरे मैच में भी वो केवल 5 रन बना पाए। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स ने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि न्यूजीलैंड सीरीज उनके लिए एक निर्णायक श्रृंखला होगी। इससे पहले वह जिम्बाब्वे के खिलाफ भी तीन मैचों में केवल 21 रन ही बना पाए थे।
T20I क्रिकेट में फिंच की हालिया रिकॉर्ड की बात करें तो पिछले पांच मैचों में उनके बल्ले से दो अर्द्धशतक निकले हैं। वह ICC T20I बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-10 में स्थान पाने वाले एकमात्र ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी हैं। ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में वो अपनी टीम का नेतृत्व करेंगे।