मोईन अली ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में इंग्लैंड की कप्तानी संभालने पर तोड़ी चुप्पी
मुझे काफी अच्छा लग रहा है कि इतने समय बाद और बिल्कुल सही समय में मुझे इंग्लैंड की कप्तानी करने का जिम्मा मिला है: मोइन अली
अद्यतन - Sep 20, 2022 6:29 pm

पाकिस्तान के खिलाफ 20 सितंबर से शुरू हो रही सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले से जोस बटलर बाहर हो गए हैं। बता दें, पिंडली की चोट के कारण जॉस बटलर इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह मोइन अली इंग्लैंड टीम की कप्तानी करेंगे।
द हंड्रेड टूर्नामेंट में जोस बटलर की पिंडली में चोट लग गई थी और अभी तक उनकी ये चोट ठीक नहीं हुई है। सीरीज के पहले भी ऐसा माना जा रहा था कि बटलर इस सीरीज में शायद ही खेलेंगे। उन्होंने खुद इस बात को साफ कर दिया था कि अगर वो पूरी तरह से फिट होते हैं तब ही वो इस सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि बटलर के बाहर होने के बाद मोईन अली को टीम की कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया है।
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच यह सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज 20 सितंबर से शुरू हो रही है। शुरुआती तीन मुकाबले कराची में खेले जाएंगे जबकि आखिरी चार लाहौर में होंगे। इंग्लैंड टीम साल 2005 के बाद पहली बार पाकिस्तान दौरे पर गई है। यही नहीं मोईन अली के दादा-दादी पाकिस्तान में ही पैदा हुए थे। अली को इस बात की खुशी है कि वो पाकिस्तान में इंग्लैंड टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
बिल्कुल सही समय में मुझे इंग्लैंड की कप्तानी मिली: मोईन अली
मोईन अली ने पहले टी-20 मुकाबले से पहले BBC स्पोर्ट्स से कहा कि, ‘ऐसा होना लिखा था। मुझे काफी अच्छा लग रहा है कि इतने समय बाद और बिल्कुल सही समय में मुझे इंग्लैंड की कप्तानी करने का जिम्मा मिला। मैंने पाकिस्तान में पहले भी खेला है लेकिन इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व यहां पहली बार कर रहा हूं। सच में काफी अच्छा लग रहा है। मुझे पूरी उम्मीद है कि हमारी टीम यहां अच्छा क्रिकेट खेलेगी और तमाम लोगों का मनोरंजन करेगी।’
अली ने आगे कहा कि, ‘बाकी टीमों ने पाकिस्तान का दौरा पहले भी कर रखा है लेकिन जब इंग्लैंड पाकिस्तान जाती है तब ऐसा लगता है कि क्रिकेट वापस आ चुका है। यह बहुत ही जरूरी है क्योंकि पाकिस्तान हमेशा से एक टैलेंटेड टीम रही है लेकिन उन्हें अब अपने लोगों के सामने खेलना है और उन बच्चों के सामने जो आगे जाकर अपने देश के लिए खेल सकते हैं।’