‘विराट कोहली का पावर गेम लौट आया है लेकिन…’: संजय मांजरेकर
संजय मांजरेकर चाहते हैं कि विराट कोहली अपने फॉर्म को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी जारी रखे।
अद्यतन - सितम्बर 28, 2022 11:09 पूर्वाह्न

पूर्व भारतीय बल्लेबाज और क्रिकेट कमेंटेटर संजय मांजरेकर का मानना है कि विराट कोहली ने एशिया कप 2022 के दौरान अपना पावर गेम फिर से हासिल कर लिया है, और उम्मीद जताई कि दिग्गज बल्लेबाज ऐसे ही आगे खेलते रहेंगे, खासकर आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में जो ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से खेला जाना है।
मांजरेकर ने आगे कहा कि स्टार भारतीय बल्लेबाज अपने पावर गेम पर भरोसा कर रहे हैं, और अच्छी गेंदों पर भी रन बना रहे हैं, और यह सब उनके आत्मविश्वास को दोबारा हासिल करने के कारण संभव हो पाया है। आपको बता दें, विराट कोहली ने एशिया कप 2022 में 5 मैचों में 92 के औसत और 147.59 के स्ट्राइक रेट से 276 रन बनाए थे।
विराट का पावर गेम वापस आ गया है: संजय मांजरेकर
संजय मांजरेकर ने स्पोर्ट्स 18 के दैनिक स्पोर्ट्स न्यूज शो स्पोर्ट्स ओवर द टॉप पर कहा: “विराट कोहली ने एशिया कप 2022 से हर मैच में रन बनाए, और उन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि अपने गेम में कुछ सुधार भी दिखाया। मुझे लगता है कि विराट का पावर गेम वापस आ गया है, उसे अपने पावर गेम पर पूरा भरोसा है।
एक ऐसा भी समय था, जब वह रन बना रहे थे, लेकिन उनका पावर गेम उसके इशारे पर काम नहीं कर रहा था, लेकिन अब सब सही जा रहा है। वह बड़े चौकों और छक्कों के लिए अच्छी गेंदें हिट कर रहा है। सारा खेल आत्मविश्वास पर टिका है। विराट एक ऐसा व्यक्ति है जो बहुत आत्मविश्वासी है और खुद को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता है, लेकिन लंबे समय तक रनों के लिए संघर्ष करने के कारण कहीं न कहीं उनका आत्मविश्वास थोड़ा डगमगा गया था।
लेकिन एशिया कप के दौरान धीरे-धीरे और स्थिर रूप से चीजें सही होने लगी, उनके बल्ले से पुल शॉट आने लगे और अधिकतर छक्के स्टैंड में जाने लगे, और अब वह फिर से वह उसी लय में खेलने लगे हैं। लेकिन अब विराट को अपना ऐसा ही प्रदर्शन जारी रखना होगा, खासकर आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में, जो भारत के लिए बहुत जरुरी है।”