जिम्मेदारी एक ऐसी चीज है, जिसका मैं पूरी तरह से आनंद लेती हूं – हरमनप्रीत कौर
भारतीय महिला टीम ने हाल में ही इंग्लैंड को 3 मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से मात दी है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Sep 30, 2022 6:39 pm

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पिछले कुछ समय में क्रिकेट मैदान पर काफी शानदार खेल देखने को मिला है। अब टीम को 1 अक्टूबर से महिला एशिया कप में हिस्सा लेना है जिसमें उसे अपना पहला मुकाबला सिलहट में श्रीलंकाई महिला टीम के खिलाफ खेलना है। बता दें भारतीय टीम ने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर लिमिटेड ओवर्स सीरीज खेली थी, जिसमें उन्होंने मेजबान टीम को वनडे सीरीज में 3-0 से मात दी है।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। जिसमें खुद कप्तान कौर का पिछली 13 पारियों में शानदार फॉर्म देखने को मिला है और इस दौरान उन्होंने 73.11 के औसत से 658 रन बनाए हैं जिसमें 143 उनका सर्वाधिक स्कोर है। हरमनप्रीत कौर जहां एक तरफ बतौर कप्तान अपनी भूमिका को निभा रही हैं वहीं एक बल्लेबाज के तौर पर भी वह काफी सफल दिखाई दी हैं।
इसी को लेकर हमरनप्रीत कौर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, जबसे मैने क्रिकेट खेलना शुरू किया है उस समय से जिम्मेदारी एक ऐसी चीज है जिसका मैने सबसे ज्यादा आनंद लिया है। कोच, सपोर्ट स्टाफ, साथी खिलाड़ी और BCCI की तरफ से मिलने वाली सराहना से मैं और भी बेहतर लगातार करने की कोशिश करती हूं। जब आप एक टीम के रूप में कार्य करते हैं तो आपके लिए चीजों को हासिल करना थोड़ा आसान काम हो जाता है। मैने अपने साथी खिलाड़ियों से कह दिया है मैं उनका पूरा समर्थन करती हूं और उन्हें सिर्फ मैदान पर खुद को साबित करना होगा।
अगर हम योजना के अनुसार चलेंगे तो परिणाम अपने आप सामने आयेंगे – हरमनप्रीत कौर
इंग्लैंड के दौरे पर भारतीय महिला टीम के शानदार प्रदर्शन और उससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने को लेकर हरमनप्रीत कौर ने अपने बयान में आगे कहा कि, उन्हें पूरी उम्मीद है कि यदि वह योजना के अनुसार चलेंगे तो परिणाम खुद ही सामने आने लगेंगे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ CWG 2022 के फाइनल मुकाबले में मिली हार को लेकर भी उन्होंने अपनी निराशा को व्यक्त किया।
हरमनप्रीत कौर ने कहा कि, जब हम इंग्लैंड पहुंचे थे, तो हमारी कोशिश बेहतर खेलने की थी। हमने अपने ऊपर बिल्कुल भी किसी तरह का अतिरिक्त दबाव ना लेने का फैसला किया। जिसमें हमारी कोशिश सिर्फ योजना के तहत आगे बढ़ना था। हमारे अभ्यास सत्र काफी बेहतर होते थे जिसमें सबकुछ योजना के अनुसार होता था।