ईरानी कप ट्रॉफी में शतक लगाकर सरफराज खान ने जीता मुंबई के पूर्व कप्तान का दिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

ईरानी कप ट्रॉफी में शतक लगाकर सरफराज खान ने जीता मुंबई के पूर्व कप्तान का दिल

सरफराज खान ने ईरानी कप 2022 में सौराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी में 178 गेंदों में 138 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।

suryakumar yadav praises sarfaraz khan (pic source-twitter)
suryakumar yadav praises sarfaraz khan (pic source-twitter)

रेस्ट ऑफ इंडिया के बल्लेबाज सरफराज खान इस समय रेड बॉल फॉर्मेट में काफी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मौजूदा ईरानी कप 2022 में सरफराज ने सौराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी में 178 गेंदों में 138 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 20 चौके और 2 छक्के जड़े। भारतीय टीम के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सरफराज खान की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है।

बता दें, सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर मात्र 98 रन बनाए। रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाजों ने काफी शानदार गेंदबाजी की। मुकेश कुमार ने 4 जबकि कुलदीप सेन और उमरान मलिक ने 3-3 विकेट झटके।

जवाब में रेस्ट ऑफ इंडिया की शुरुआत भी बेहद खराब रही और उनके शुरुआती 3 विकेट मात्र 18 रन पर गिर गए। इसके बाद कप्तान हनुमा विहारी और सरफराज खान ने चौथे विकेट के लिए 220 रन की बेहतरीन साझेदारी की। जहां एक तरफ सरफराज ने शतक जड़ा, वहीं दूसरी ओर कप्तान विहारी ने 82 रन बनाए।

सूर्यकुमार यादव ने सरफराज खान की जमकर प्रशंसा की

सरफराज खान की बेहतरीन बल्लेबाजी ने सूर्यकुमार यादव को काफी प्रभावित किया। यादव ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर को साझा किया है जिसमें उन्होंने सरफराज को शतक जड़ने के लिए बधाई दी और कैप्शन में लिखा कि, ‘आपके ऊपर बहुत, बहुत, बहुत गर्व है।’

https://twitter.com/surya_14kumar/status/1576158777291988992?s=20&t=RuLY1RDfUsAwaQbUxTAJKQ

सूर्यकुमार यादव का यह संदेश सरफराज खान को आगे आने वाले मुकाबलों के लिए और भी प्रोत्साहित करेगा। बता दें, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सरफराज खान ने सर डॉन ब्रैडमैन के रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। जहां एक तरफ ब्रैडमैन ने 22 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 2927 रन बनाए थे, वहीं सरफराज ने 43 फर्स्ट क्लास पारियों में उनसे आगे निकल गए हैं। भारतीय बल्लेबाज का औसत 82.63 है, वहीं ब्रैडमैन का औसत 95.14 है।

पिछले 7 मैच में सरफराज ने 4 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। इस समय वो काफी शानदार फॉर्म में है और आने वाले मुकाबलों में भी वो इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। बता दें, रेस्ट ऑफ इंडिया की पहली पारी 374 पर समाप्त हो गई है। कप्तान हनुमा विहारी और सरफराज खान के अलावा सौरभ कुमार ने 78 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 55 रन बनाए हैं, वहीं जयंत यादव ने 37 रन की बहुमूल्य पारी खेली है। चेतन सरकारिया ने सौराष्ट्र की ओर से 5 विकेट झटके। रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहली पारी में 276 रन की बढ़त बना ली है।

close whatsapp