टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले शोएब अख्तर ने उठाए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की काबिलियत पर सवाल
शोएब अख्तर को नहीं लगता पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीत पाएगा।
अद्यतन - Oct 4, 2022 3:42 pm

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हालिया फॉर्म और कमजोर मध्यक्रम को लेकर डरे हुए हैं। रावलपिंडी एक्सप्रेस ने इस बात का भी अंदेशा जताया कि कहीं पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले दौर से ही बाहर न हो जाए। उन्होंने यह बयान इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की T20I सीरीज में 3-4 से हार के बाद दिया।
शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो में कहा: “पाकिस्तान का मध्यक्रम सही नहीं है, कमजोर है। अगर पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो मध्य क्रम भार नहीं झेल पाता, लुढ़क जाता है। आप ऐसे वर्ल्ड कप में नहीं जा सकते और ना ही खिताब जीत सकते हैं। सलामी बल्लेबाजों पर पूरी तरह निर्भर रहने का तरीका काम नहीं करेगा।
मैं उम्मीद करता हूं पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले दौर में बाहर न हो: शोएब अख्तर
पाकिस्तान का हालिया बल्लेबाजी प्रदर्शन देखते हुए मुझे डर है कि पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले दौर में बाहर हो सकता है। इसलिए मैंने हमारे मध्यक्रम और बल्लेबाजी क्रम को ठीक करने के लिए पाकिस्तान के मुख्य कोच सकलैन मुश्ताक और अन्य लोगों की आलोचना की थी। लेकिन वे नहीं सुन रहे हैं।”
पाकिस्तानी दिग्गज ने आगे कहा: “पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन देखकर बहुत दुख होता है। हमारा हालिया प्रदर्शन बहुत निराशाजनक है। मुझे पाकिस्तान को अच्छा खेलते देख खुशी होती है, मेरे लिए उन्हें हारते हुए देखना निराशाजनक है। मुझे लगता है कि पाकिस्तान इस समय गंभीर स्थिति में है, और यहां से उनके लिए चीजें आसान नहीं होने वाली हैं।
लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली आगामी ट्राई सीरीज और टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अच्छी वापसी करेगा। और साथ ही यह भी उम्मीद करता हूं वे मेरे वीडियो देखना शुरू करेंगे और सुधार करेंगे, क्योंकि बाबर आजम हर मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकते हैं।”