अब दिनेश कार्तिक से लग रहा है सूर्यकुमार यादव को डर!
तीसरे टी-20 में दिनेश कार्तिक को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने भेजा गया और उन्होंने 20 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 46 रन की शानदार पारी खेली।
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2022 1:47 अपराह्न

भले ही भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला हार गई हो लेकिन उन्होंने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। टीम के लिए एक और अच्छी बात यह रही कि सूर्यकुमार यादव इस सीरीज में अपने फुल फॉर्म में दिखे। उन्होंने इस सीरीज़ में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59.50 के औसत और 195.08 के स्ट्राइक रेट से तीन मैचों में 119 रन बनाए।
बता दें, सूर्यकुमार यादव तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में मात्र 6 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। इस मुकाबले में विराट कोहली और केएल राहुल नहीं खेल रहे थे। हालांकि तीसरे टी-20 में दिनेश कार्तिक ने अपनी धुआंधार पारी से दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को काफी परेशान किया।
तीसरे टी-20 में दिनेश कार्तिक को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने भेजा गया और उन्होंने 20 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 46 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि बड़ा लक्ष्य होने की वजह से वो अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। सूर्यकुमार यादव को उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ अवार्ड से नवाजा गया।
सूर्यकुमार यादव ने तीसरे टी-20 मुकाबले के बाद कहा कि, ‘सच बताऊं तो मैंने अपने आंकड़ों को बिल्कुल भी नहीं देखा था, बस खेल की जो मांग थी मैंने वैसे खेला। सोच यही थी कि मैं अपने खेल का पूरा मजा लूं। मुझे बस दिनेश कार्तिक के साथ एक बेहतरीन साझेदारी करनी थी लेकिन आज वो हो नहीं पाया।’
सूर्यकुमार यादव ने दिनेश कार्तिक की जमकर प्रशंसा की
सूर्यकुमार यादव ने दिनेश कार्तिक की भी जमकर तारीफ की। उनके मुताबिक दिनेश ने नंबर चार पर आकर शानदार बल्लेबाजी की। सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा कि, ‘दिनेश कार्तिक को अपने खेल के लिए थोड़ा और समय चाहिए था और मुझे लगता है कि जिस तरीके से उन्होंने बल्लेबाजी की, अब मेरा नंबर 4 पर खेलना मुश्किल लग रहा है। मैंने अभी इसके बारे में नहीं सोचा है, लेकिन टीम मुझे जिस भी क्रम में भेजेगी मैं अपना शत-प्रतिशत दूंगा।’