बाबर आजम का बचाव करने के लिए PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने साधा विराट कोहली की शतकीय पारी पर निशाना
PCB अध्यक्ष ने आलोचकों की आलोचना की है जो लगातार पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम के धीमे स्ट्राईक रेट पर बात कर रहे हैं।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Oct 6, 2022 6:43 pm

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम का टी-20 फॉर्मेट में पिछले कुछ समय से धीमे स्ट्राइक रेट की वजह से उनकी आलोचना लगातार देखने को मिली है। जिसको लेकर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा ने देश में मौजूद ऐसे आलोचकों को खरी-खोटी सुनाई है। जिसमें उन्होंने कहा कि कैसे एशिया कप में विराट कोहली का शतक आने के बाद भारतीय फैंस उस टूर्नामेंट में अपनी टीम के खराब प्रदर्शन तक को भूल गए थे और सभी उस शतकीय पारी को लेकर बात करने लगे।
PCB अध्यक्ष ने लगातार फैंस और आलोचकों की तरफ से की जा रही आलोचना पर कहा कि खिलाड़ियों के जीवन में भी अच्छे और खराब दिन आते हैं। जिसमें हमें पाकिस्तानी टीम के पिछले 10 महीनों के प्रदर्शन को देखना चाहिए तो काफी शानदार रहा है जहां टीम अब नॉकआउट मुकाबलों में भी काफी अच्छा करते हुए लगातार दिखाई दी है।
ऐसा भारतीय फैंस और वहां की मीडिया नहीं करती – रमीज राजा
रमीज राजा ने समा टीवी से बात करते हुए अपने दिए बयान में कहा कि, पहले पाकिस्तानी टीम अधिकतर टूर्नामेंट में पहले राउंड से बाहर हो जाती थी, लेकिन अब हम फाइनल तक का सफर तय करते हैं, भले ही हम उस मैच में अच्छा नहीं खेल पा रहे हैं। लेकिन इसे हम एक बुरे दिन के तौर पर भी मान सकते हैं। लेकिन एशिया कप में और भी टीम थी, जिसमें भारतीय टीम के फाइनल में ना पहुंचने को लेकर उनकी भी काफी आलोचना देखने को मिली।
राजा ने आगे कहा कि, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली का शतक आने के बाद भारतीय फैंस टीम के खराब प्रदर्शन को पूरी तरह से भूल चुके थे और ऐसा ही कुछ मीडिया में भी देखने को मिला। क्या हम कभी ऐसा करने में कामयाब हो पायेंगे? जब बाबर आजम शतकीय पारी खेलते हैं, तो हम उस समय भी उनके स्ट्राइक रेट को लेकर बात करते हैं। लेकिन उनका स्ट्राइक रेट जहां 135 का है तो वहीं डेविड वार्नर का भी 147.3 का रहा है।
हाल में ही समाप्त हुई पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच में 7 मैचों की टी-20 सीरीज में भले ही पाकिस्तानी टीम को 4-3 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इस सीरीज के दूसरे मुकाबले में बाबर आजम के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली थी, जिसमें उनके और मोहम्मद रिजवान के बीच में पहले विकेट के लिए 203 रनों की शानदार साझेदारी देखने को मिली थी।