9 अक्टूबर को बीसीसीआई कर सकता है जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट की वजह से टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 9, 2022 12:29 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आज यानी 9 अक्टूबर को आगामी ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट की घोषणा कर सकती है। बता दें, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए पिछले महीने घोषित टीमों में किसी तरह के बदलाव की समयसीमा तय की थी। उसके मुताबिक 9 अक्टूबर तक सभी अपनी-अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं।
भारतीय टीम को रवींद्र जडेजा के रूप में पहले ही एक बड़ा झटका लग चुका था, वो चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो पाए। हाल ही में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी पीठ की चोट की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। बता दें, एशिया कप 2022 में भी चोटिल होने की वजह से बुमराह नहीं खेल पाए थे। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था।
उन्होंने लगभग 2 महीने के लंबे अंतराल के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में वापसी की। इस सीरीज में भी उन्होंने मात्र 2 मुकाबले खेले और फिर से चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर कर दिया गया। इस मुख्य टूर्नामेंट के लिए घोषित की गई 15 सदस्यीय टीम में बुमराह का नाम भी शामिल था लेकिन अब टीम उनके बिना ही इस टूर्नामेंट को खेलेगी।
आखिर कौन होगा जसप्रीत बुमराह का विकल्प?
टाइम्स नाउ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, जो इस टूर्नामेंट के रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल थे, वह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगमी वर्ल्ड कप में जसप्रीत बुमराह की जगह ले सकते हैं। उनके अलावा मोहम्मद सिराज और दीपक चहर के नामों पर भी चर्चा की जा रही है।
बता दें, मोहम्मद शमी ने IPL 2022 के बाद से बहुत ही कम मुकाबले खेले हैं, वहीं सिराज ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में काफी अच्छी गेंदबाजी की। दीपक चहर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान चोट लग गई थी जिसके बाद वो अभी NCA में इस चोट से उबर रहे हैं। BCCI खिलाड़ियों की फिटनेस को सोचकर ही आगे फैसला लेगा।