ये क्या! रवि शास्त्री ने तो टी-20 वर्ल्ड से पहले टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी बता दी - क्रिकट्रैकर हिंदी

ये क्या! रवि शास्त्री ने तो टी-20 वर्ल्ड से पहले टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी बता दी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के साथ करेगा।

Ravi Shastri (Image Source: Getty Images)
Ravi Shastri (Image Source: Getty Images)

भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना ​​है कि मौजूदा भारतीय टीम, जिसे आगामी टी-20 विश्व कप 2022 के लिए चुना गया है, वह अब तक की सर्वश्रेष्ठ टीम है। आपको बता दें कि, शास्त्री पिछले साल के टी-20 वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया के हेड कोच थे। 2021 वर्ल्ड कप में भारत नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहा और टीम सुपर-12 से ही बाहर हो गई थी।

पिछले साल खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से टीम इंडिया में काफी बदलाव देखने को मिला है। सूर्यकुमार यादव के हालिया फॉर्म और अनुभवी फिनिशर दिनेश कार्तिक की मध्य क्रम में वापसी के साथ, भारतीय बल्लेबाजी क्रम अब और भी मजबूत नजर आ रहा है। शास्त्री का मानना ​​है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति के बावजूद भारतीय बल्लेबाज इस बार टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने में मदद कर सकते हैं।

मुंबई प्रेस क्लब के एक इवेंट में रवि शास्त्री ने कहा कि, “पिछले छह-सात साल से मैं इस सिस्टम का हिस्सा रहा हूं। पहले एक कोच के तौर पर और अब बाहर से मैं देख रहा हूं और मेरे हिसाब से ये भारत की अब तक की बेस्ट टी-20 टीम है। सूर्यकुमार यादव चार, हार्दिक पांड्या पांच और ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक के छठे नंबर पर खेलने से काफी फर्क देखने को मिल रहा है। इससे टॉप ऑर्डर को खुलकर खेलने का मौका मिलता है।”

गेंदबाजी और फील्डिंग को लेकर चिंतित हैं शास्त्री

जहां बल्लेबाज पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं भारत की चिंता गेंदबाजी आक्रमण को लेकर है। गेंदबाजों ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन वे डेथ ओवरों में रनों का बचाव करने में नाकाम रहे, जो कि टीम के लिए चिंता का विषय है। वहीं शास्त्री भारत की फील्डिंग को लेकर भी चिंतित हैं और उन्होंने कहा कि टीम को पूरे टूर्नामेंट में इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत होगी।

पूर्व भारतीय हेड कोच ने कहा कि, “एक ऐसा विभाग है जिसमें टीम को शुरू से ही ध्यान देने की जरूरत है और वो है फील्डिंग। पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें कड़ी मेहनत करनी होगी और अपना ए गेम फील्डिंग में दिखाना होगा। फील्डिंग के दौरान आप जो 15-20 रन बचाते हैं उससे मैच पर काफी असर पड़ जाता है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसी टीमें काफी जबरदस्त फील्डिंग करती हैं। श्रीलंका ने एशिया कप में बेहतरीन फील्डिंग की थी। फील्डिंग के दम पर उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एक कड़ा मुकाबला जीत लिया था।”

close whatsapp